Solan: पुलिस ने शिमला के छैला से दबोचा भगौड़ा अपराधी, 2019 के इस मामले में था फरार
punjabkesari.in Tuesday, Jan 13, 2026 - 07:33 PM (IST)
परवाणू (विकास): सोलन जिले की परवाणू पुलिस ने भगौड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना परवाणू की पीओ सैल टीम ने शिमला जिले के छैला क्षेत्र में दबिश देकर एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले काफी समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर अपने ठिकाने बदल रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीप राम (48) पुत्र स्वर्गीय कमना राम, निवासी गांव दीद, डाकखाना मोहरी, तहसील ठियोग व जिला शिमला के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार यह मामला 13 सितम्बर, 2019 का है। उस रात आरोपी दीप राम ने परवाणू के समीप अपनी टाटा सूमो गाड़ी को तेज रफ्तार और लापरवाही से गलत दिशा में चलाते हुए एक अन्य वाहन को टक्कर मार दी थी। इस घटना के बाद परवाणू पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई थी। पुलिस ने मामले की जांच पूरी कर अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। हालांकि, ट्रायल के दौरान अदालत द्वारा बार-बार सम्मन और आदेश दिए जाने के बावजूद आरोपी पेश नहीं हुआ। लगातार गैर-हाजिर रहने के चलते अदालत ने उसे भगौड़ा अपराधी घोषित कर दिया था।
एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। परवाणू पुलिस की पीओ सैल टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। अंततः गुप्त सूचना और सटीक निगरानी के आधार पर पुलिस ने उसे शिमला के छैला क्षेत्र से धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी दीप राम के खिलाफ पुलिस थाना परवाणू में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।

