गुपचुप शिमला पहुंचीं प्रियंका वाड्रा, भवन के निर्माण का लिया जायजा

Wednesday, Jul 12, 2017 - 01:39 AM (IST)

कुफरी: राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी की बेटी मंगलवार को गुपचुप शिमला पहुंचीं। जानकारी के अनुसार प्रियंका वाड्रा आज चंडीगढ़ से सड़क मार्ग होते हुए गाड़ी से शिमला पहुंचीं तथा करीब 12 बजे के आसपास वह छराबड़ा स्थित ओबराय गु्रप के बने होटल वाइल्ड फ्लावर हाल पहुंचीं। होटल में करीब 2 घंटे तक विश्राम करने के बाद वह छराबड़ा के समीप बन रहे अपने भवन के निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए 2 बजे के आसपास साइट पर गईं। साइट पर देर शाम तक विभिन्न कार्य का उन्होंने निरीक्षण किया। वहां पर इस दौरान उनके साथ प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची व उनके बेटे मनजीत खाची भी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार आजकल भवन की छत में स्लेट बिछाने का स्थानीय कारीगर द्वारा सही ढंग से कार्य किया जा रहा है, वहीं दरवाजे-खिड़कियों के कार्य की गति मौसम के बिगड़े मिजाज के चलते धीमी हो गई है। 

भवन निर्माण का कार्य अंतिम चरण में
भवन निर्माण का कार्य लगभग अंतिम चरण में बताया जा रहा है, जिसके चलते प्रियंका वाड्रा ने गत 3-4 महीनों में यहां कई बार आकर निर्माण कार्य का जायजा  लिया है। हाल ही में वह गत 6 जून को शिमला आई थीं और करीब 3 दिन तक छराबड़ा में भवन कार्य को देखने के लिए जाती रहीं। प्रियंका वाड्रा के इस दौरे को सुरक्षा के लिहाज से बिल्कुल गुप्त रखा गया था तथा आज यहां उनके सुरक्षा कमांडो व पुलिस भी खासतौर पर घूमती हुई कम नजर आई। सूत्रों के मुताबिक दीवाली-दशहरे के आसपास भवन के निर्माण का कार्य करीब-करीब पूरा हो जाएगा, वहीं भवन के आसपास के परिसर को भी सुधारा जा रहा है।