कूडो वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी सोलन की प्रिया

Friday, Dec 01, 2023 - 10:10 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): सोलन जिला की प्रिया कुमारी थापा का चयन कूडो वर्ल्ड कप के लिए हुआ है। वह इसमें भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रिया ने गुजरात के सूरत में 23 से 29 नवम्बर तक कूडो फैडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कूडो राष्ट्रीय प्रतियोगिता, कूडो फैडरेशन कप और अक्षय कुमार अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश की ओर से खेलते हुए बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और तीनों प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक प्राप्त किए। प्रिया को इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए कूडो इंडिया के चेयरमैन बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार और बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी द्वारा सम्मानित किया गया। इस प्रदर्शन के लिए अक्षय कुमार ने प्रिया को बधाई दी।

इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद प्रिया का चयन कूडो वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया गया। प्रिया हिमाचल की प्रथम महिला खिलाड़ी है जो कूडाे वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। वर्तमान में प्रिया सेंट ल्युक्स स्कूल सोलन में फिजिकल टीचर के पद पर कार्यरत हैं। प्रिया ने इस सफलता का श्रेय अपने गुरु अजय कुमार जसवाल, संजय जसवाल और माता-पिता को दिया, जिनके प्रयासों से प्रिया इस मुकाम तक पहुंचने में सफल रही। कूडो हिमाचल अध्यक्ष अजय कुमार जसवाल ने प्रिया के वर्ल्ड कप में सिलैक्शन के लिए कूडो इंडिया के अध्यक्ष हाशी मेहुल वोहरा का धन्यवाद किया।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay