CM जयराम से मिलने के बाद निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल स्थगित, कैबिनेट में होगी चर्चा(Video)

Tuesday, Sep 11, 2018 - 03:03 PM (IST)

शिमला (राजीव): निजी बस ऑप्रेटरों के आगे प्रदेश सरकार झुक गई है। सोमवार देर शाम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने निजी बस आप्रेटरों की बैठक ली। इसमें मुख्यमंत्री ने इन्हें किराया बढ़ाने का आश्वासन दिया। मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा के बाद किराया बढ़ौतरी की जाएगी। सीएम के आश्वासन पर ऑपरेटर्स के प्रतिनिधी मंडल ने फिलहाल हड़ताल खत्म करने का फैसला लिया है, लेकिन उनकी मांगें जारी रहेंगी। ऑपरेटर्स ने कहा कि अब उन्हें अगले कैबिनेट बैठक का इंतजार है और उम्मीद है कि उनके हक में फैसला लिया जाएगा। जाहिर है कि किराया बढ़ने के बाद प्रदेश की 68 लाख की आबादी को बसों में सफर करना महंगा होने वाला है।

किराया बढ़ने के बाद प्रदेशवासियों को अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी। प्रदेश में अभी बस किराया 1 रुपए 48 पैसे प्रति किलोमीटर है। निजी बस आप्रेेटर 50 फीसदी तक बढ़ौतरी की मांग कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो परिवहन विभाग ने मैदानी इलाकों में 18 फीसदी और पहाड़ी क्षेत्रों में 22 फीसदी किराया बढ़ौतरी का प्रस्ताव तैयार किया है। इसे मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी के लिए लाया जाएगा। यदि इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो प्रति किलोमीटर किराया 1.80 रुपए हो जाएगा। इसी तरह सरकार न्यूनतम किराया भी 3 से बढ़ाकर 5 रुपए कर सकती है। प्रदेश में रोजाना 7 से 8 लाख लोग निजी व सरकारी बसों में सफर करते हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने निजी बस आप्रेटरों को आश्वासन दिया है कि उनके हितों का ध्यान रखा जाएगा। उनके लिए जनता के हितों का ध्यान रखना भी सर्वोपरि है। फिर भी सबके हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार किराया बढ़ौतरी को लेकर मंत्रिमंडल की बैठक में निर्णय लेगी। 

एच.आर.टी.सी. की कमाई में 1 करोड़ का इजाफा
देश में निजी बस ऑप्रेटरों के हड़ताल पर जाने से एच.आर.टी.सी. की चांदी हुई है। बताया जा रहा है कि एक ही दिन में विभाग को कुल 1 करोड़ से ज्यादा का फायदा 
हुआ है। एच.आर.टी.सी. हर दिन 2 करोड़ रुपए की कमाई 2,760 बसों से करता है। सोमवार को 3,000 बसों से यह कमाई बढ़कर 3 करोड़ रुपए को पार कर गई है।

सी.एम. से बैठक के बाद दोफाड़ हुआ संघ
मुख्यमंत्री से बैठक के बाद निजी बस ऑप्रेेटर संघ दोफाड़ हो गया है। एक गुट हड़ताल को खत्म करने के पक्ष में नहीं है तो दूसरा धड़ा हड़ताल समाप्त करने का ऐलान कर चुका है। संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजेश पराशर ने बताया कि वह अभी हड़ताल को खत्म नहीं करेंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी में प्रदेशभर के निजी बस ऑप्रेेटरों को साथ बैठक करेंगे। इसमें हड़ताल को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। शिमला शहरी निजी बस ऑप्रेेटर संघ के अध्यक्ष कमल ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद उन्होंने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है। इसी तरह राज्य संघ के कई पदाधिकारी भी हड़ताल खत्म करने को राजी हैं।

Ekta