कांगड़ा में सड़क पर पलटी निजी बस, 6 घायल, 2 छात्राएं गंभीर

Wednesday, Jan 23, 2019 - 03:11 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): हिमाचल के कांगड़ा जिला में बुधवार को एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 6 लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 लोगों को उपचार के लिए डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मैडीकल कॉलेज टांडा ले जाया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक निजी बस (HP 68-2602) बौड़ क्वालु से रानीताल जा रही थी। इस दौरान वह डाका पलेरा में अनियंत्रित होकर पलट गई। वहीं बस चालक के अनुसार मोड़ काटते समय ब्रेक फेल होने के कारण बस पलट गई, जिस कारण बस में सवार लगभग 6 लोग घायल हो गए। घायलों में 4 को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया गया जबकि 2 गंभीर घायल छात्राओं मीनाक्षी (14) पुत्री कुलविंदर व साक्षी (16) पुत्री जितेंद्र निवासी डाका पलेरा को टांडा अस्पताल ले जाया गया।

उधर, पुलिस चौकी लंज के प्रभारी एस.आई. हाकम मौके पर कार्रवाई अमल में ला रहे हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश बराड, ऊषा देवी प्रधान ग्राम पंचायत डाका पलेरा तथा पूर्व प्रधान सुरजीत सिंह मौके पर राहत कार्य में जुटे थे। इस घटना में कोई भी कैजुअल्टी नहीं हुई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

 

 

Ekta