रेप के आरोपी की जेल में संदिग्ध मौत, मचा हड़कंप

Sunday, Nov 19, 2017 - 10:28 AM (IST)

ऊना: जिला कारागार बनगढ़ में एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक कैदी की पहचान राजिंदर सिंह निवासी नालागढ़ के रूप में हुई है। यह कैदी नालागढ़ में हुए एक दुराचार मामले का आरोपी था और इसका केस नालागढ़ की एक अदालत में विचाराधीन था। जेल प्रशासन ने मृतक कैदी के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। वहीं जेल प्रशासन ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है। ऊना के गांव बनगढ़ में स्थित जिला कारागार में दुराचार के आरोपी कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक कैदी का नाम राजिंदर सिंह पुत्र देवानंद वासी नालागढ़ है। मृतक कैदी नालागढ़ में हुए एक नाबालिगा से दुराचार मामले का आरोपी था और जुलाई माह में ही इसे बनगढ़ जेल में लाया गया था। इसका केस नालागढ़ की एक अदालत में विचाराधीन था, शुक्रवार को इसे सुनवाई के लिए नालागढ़ ले जाया गया था। इसके बाद दोबारा इसे जेल में रखा गया था। जेल में आज सुबह जब जेल प्रशासन कैदियों की हाजिरी ले रहा था तो इस कैदी को गैर हाजिर पाया गया। जेल प्रशासन ने जब इसके बैरक में जाकर देखा तो यह अचेत अवस्था में पड़ा था।

जिसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने इसे मृत घोषित कर दिया। जेल प्रशासन ने मामले की सुचना तुरंत उच्चाधिकारियों को दी और मृतक का क्षेत्रीय अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृतक कैदी के मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। जेल अधीक्षक एवं एसडीएम ऊना पृथीपाल सिंह ने बताया कि मामले की सूचना जिला एवं सत्र न्यायाधीश सहित उच्चाधिकारियों को दे दी गई है, फिलहाल जेल प्रशासन द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।