सफाई के बहाने बनगढ़ जेल से फरार हुआ कैदी, CCTV में कैद हुई घटना

Friday, Aug 24, 2018 - 06:57 PM (IST)

ऊना (अमित): सदर थाना ऊना के तहत बनगढ़ जेल से दुराचार मामले में विचाराधीन कैदी फरार हो गया है। बताया जा रहा है कि कैदी जेल के अंदर सफाई कर रहा था, इसी दौरान मौका पाकर वहां से फरार हो गया। कैदी के भागने की पूरी घटना सी.सी.टी.वी. में कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। कैदी के फरार होने के बाद पुसिल ने जगह-जगह नाकाबंदी कर दी है। वहीं मैहतपुर प्रवेश द्वार से लेकर ऊना चौक पर भी आने-जाने वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है। सूचना मिलते ही एस.पी. दिवाकर शर्मा स्वयं बनगढ़ जेल पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए।

काली लोअर व हरे रंग की शर्ट पहने हुए है कैदी
कैदी की पहचान सोर्वन निवासी डिहरी, तहसील बिलारी, जिला मुरादाबाद के रूप में हुई है जोकि जिला ऊना के जलग्रां में किराए के मकान में रहता था। पुलिस ने इसे फरवरी, 2017 में दुराचार मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद वह अंडर ट्रायल बनगढ़ जेल में बंद था। शुक्रवार दोपहर बाद सोर्वन जेल के अंदर सफाई कर रहा था। इसी दौरान मौका पाकर जेल से भाग निकला। सी.सी.टी.वी. में कैद हुई वीडियो में काली लोअर व हरे रंग की शर्ट पहने हुए सोर्वन ने एक बोरी कंधे पर ली हुई है।

जेल के साथ लगते जंगलों में भी चलाया सर्च अभियान
वहीं पुलिस द्वारा जेल के साथ लगते जंगलों में भी कैदी की तलाश की जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक दिवाकर ने कहा कि कैदी के फरार होने की जानकारी मिली है। स्वयं मौके पर पहुंच कर जांच कर रहा हूं। उधर, जेल उपाधीक्षक दिवेश कुमार का कहना है कि सोर्वन नाम का कैदी फरार हुआ है जिसकी तलाश की जा रही है।

Vijay