बीमारी का बहाना बनाकर कैदी फरार, इस जुर्म में काट रहा था 10 साल की सजा

Friday, Aug 16, 2019 - 06:50 PM (IST)

नाहन: सैंट्रल जेल में बलात्कार के जुर्म में 10 साल की सजायाफ्ता एक कैदी जेल प्रबंधन से बीमारी का बहाना बनाकर अस्पताल ले जाते समय रास्ते से ही फरार हो गया। फरार कैदी पंजाब का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार फरार कैदी मुकेश कुमार पुत्र रामस्वरूप निवासी मकान नम्बर-138, कादमा स्टेशन नकोदर जिला जालंधर (पंजाब) बलात्कार के मामले में धारा 376 के तहत 10 साल की सजा सैंट्रल जेल में काट रहा था।

15 अगस्त को दोपहर बाद हुआ मामला

पुलिस के अनुसार कैदी के फरार होने की घटना 15 अगस्त के दिन दोपहर 3 बजे के करीब की बताई जाती है। जबकि जेल प्रबंधन ने कैदी के फरार हो जाने का मामला पुलिस में शुक्रवार को सुबह 9 बजे के करीब दर्ज करवाया। जानकारी के अनुसार कैदी के फरार होने के बाद जेल प्रबंधन सकते में आ गया। कुछ घंटे अपने स्तर पर ही जेल प्रबंधन व जेल के वार्डन फरार कैदी को ढूंढते रहे लेकिन जब कुछ नहीं बना तो शुक्रवार को आखिरकार पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया।

कैदी ने की थी आंखों में दर्द होने की शिकायत

पुलिस के अनुसार कैदी मुकेश कुमार ने वार्डन से आंखों में दर्द होने की शिकायत की। जिसके बाद कैदी को जेल से बाहर निकाला गया। उधर, अब पुलिस कैदी के फरार होने का मामला दर्ज करने के बाद यह भी जांच करेगी कि कैदी के फरार होने के पीछे स्टाफ की मिलीभगत तो नहीं।

क्या बोले एएसपी सिरमौर

एएसपी सिरमौर वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि जेल अधीक्षक की ओर से शुक्रवार प्रात: मामला दर्ज करवाया गया है। कैदी 15 अगस्त को दोपहर बाद 3 बजे के नजदीक उस वक्त फरार हुआ जब जेल स्टाफ कैदी को शहर के निजी साई अस्पताल में लेकर जा रहे थे। पुलिस कैदी के फरार होने के मामले में स्टाफ की मिलीभगत होने के पहलू पर भी जांच करेगी। फिलहाल कैदी को दबोचने के लिए पुलिस पार्टियां रवाना कर दी गई हैं। पंजाब समेत अन्य राज्य की पुलिस को भी सूचित किया जा रहा है।

Vijay