मिड-डे मील बनाते समय हुआ हादसा, कुकर फटने से महिला जख्मी

Saturday, Oct 06, 2018 - 04:39 PM (IST)

झंडूता: ग्राम पंचायत जड्डू कुलजार के तहत हाई स्कूल ठठल जंगल में शनिवार को मिड-डे मील बनाते समय कुकर फट गया। घटना में मौके पर मौजूद मिड-डे मील कर्मी उर्मिला देवी घायल हो गई। उसे सिर पर गहरी चोटें आई हैं। यह घटना सुबह करीब 10 बजकर 50 मिनट पर घटी। इस दौरान मिड-डे मील वर्कर उर्मिला देवी स्कूल के बच्चों के लिए खाना तैयार कर रही थी। इस बीच दाल बनाने के लिए रखे प्रैशर कुकर का ढक्कन पूरे जोर से खुला और मिड-डे मील कर्मी के सिर को चोटिल कर दिया, साथ ही ढक्कन ने रसोईघर की छत पर पड़ी टीन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेड़ी में चल रहा इलाज
जोर के धमाके की आवाज सुनते ही मिड-डे मील वर्कर करतार सिंह जो बाहर कार्य कर रहा था, अंदर की ओर भागा। इतने में अन्य अध्यापक भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बुरी तरह खून से लथपथ उर्मिला देवी को अध्यापकों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेड़ी पहुंचाया। पाठशाला के मुख्याध्यापक सुशील शर्मा ने बताया कि सुबह खाना बनाते समय यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि उर्मिला देवी की स्थिति स्थिर बताई गई है। उपरोक्त मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।

प्रशासन से लगाई आर्थिक मदद की गुहार
उधर, पंचायत जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उपरोक्त महिला को आॢथक सहायता प्रदान की जाए। इस बारे में एस.डी.एम. झंडूता नवीन शर्मा ने बताया कि नायब तहसीलदार कलोल को मौके का मुआयना करने के आदेश किए हैं और प्रशासन की ओर से जो भी राहत होगी, वह उपलब्ध करवा दी जाएगी तथा मामले की जांच की जाएगी।

Vijay