हिमाचल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दूसरा घर, विकास में नहीं छोड़ी कोई कसर : सुरेश कश्यप

Sunday, Aug 30, 2020 - 08:57 PM (IST)

देहरा (राजीव): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने रविवार को देहरा में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं और उन्होंने हिमाचल को विकास की कई सौगातें दी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कोविड-19 के दौरान जनहित के कार्य करते हुए प्रदेश की जनता का पूरा साथ दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं भाजपा की प्रदेश सरकार ने मिलकर प्रदेश के लोगों को जनकल्याण के रूप में करोड़ों की सौगात दी है।

भ्रष्टाचार के ऊपर पूछे सवाल पर सुरेश कश्यप ने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप मात्र लगने से कोई भ्रष्टाचारी नहीं हो जाता। भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरैंस की नीति अपनाती है। उन्होंने कहा कि जब तक भ्रष्टाचार के आरोप सिद्ध न हो जाएं किसी को भ्रष्टाचारी नहीं कहा जा सकता। सैंट्रल यूनिवर्सिटी पर के सवाल पर सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकारें इस मुद्दे पर गंभीर हैं। समय-समय पर इस मुद्दे को लेकर दोनों सरकारों के बीच बातचीत होती चली आ रही है।

उन्होंने कहा कि इस बार भाजपा प्रदेश में एक बार भाजपा एक बार कांग्रेस की सरकार के मिथक को तोडऩे जा रही है। संगठन की मजबूती एवं जनकल्याणकारी नीतियों के चलते भाजपा इस बार मिशन रिपीट के लक्ष्य को पूरा करने जा रही है। इस अवसर पर वूल फैडरेशन उपाध्यक्ष त्रिलोक कपूर, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, देहरा के विधायक होशियार सिंह, जिला देहरा भाजपा प्रभारी नरेंद्र अत्री और वन निगम के निदेशक नरेश चौहान (डिम्पल) सहित अन्य मौजूद रहे।

देहरा से निर्दलीय विधायक होशियार सिंह के एसोसिएट सदस्य होने के बारे पूछे सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री ने कहा है कि निर्दलीय विधायक एसोसिएट सदस्य हैं तो वह हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरकार के मुखिया हैं और उन्होंने जो कहा है ठीक ही है। इस दौरान देहरा से विधायक होशियार सिंह ने कहा कि वह खुद को शुरू से ही भाजपा का एसोसिएट सदस्य मानते हैं। होशियार ङ्क्षसह ने कहा कि भाजपा का उच्च नेतृत्व उन्हें पार्टी का कोई भी काम सौंपेगा, वह करने के लिए तैयार है। देहरा भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता एक विधायक के नाते उनके पास किसी काम से आता है। तब वह उस काम को खुशी से करेंगे।

Vijay