मोदी सरकार ने मनरेगा मजदूरों के कार्य दिवस व दिहाड़ी बढ़ाने के साथ दिया मान-सम्मान : धूमल

punjabkesari.in Tuesday, Jul 27, 2021 - 08:29 PM (IST)

 हमीरपुर (राजीव): पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि देश मे कोई भी मजदूरी करने वाला व्यक्ति खुद को छोटा न समझे और मजदूरी करने में शर्म महसूस न करे। इसलिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजदूरों को मनरेगा के तहत रोजगार के साथ सम्मान देने का प्रावधान किया है, जिसके चलते आज मनरेगा में काम करने वालों को दिहाड़ी तो मिल ही रही है, वहीं उन्हें मातृत्व-पितृत्व सुविधा, अंतिम संस्कार हेतु सहायता, शादी हेतु वित्तीय सहायता, शिक्षा हेतु वित्तीय सहायता, महिला साइकिल, इंडक्शन हिटर, सोलर लैंप सहित 60 वर्ष के बाद पैंशन का भी प्रावधान है। पूर्व मुख्यमंत्री सुजानपुर विस क्षेत्र के टौणीदेवी माता मंदिर परिसर में मनरेगा मजदूरों को संबोधित कर रहे थे।

6 पंचायतों के 300 मनरेगा मजदूरों को बांटे उपकरण

इस दौरान पुर्व मुख्यमंत्री ने बमसन की 6 पंचायतों जिनमें ग्राम पंचायत गवारडू, बारी, टपरे, ऊहल, सिकंदर व नाडसी के करीब 300 मनरेगा मजदूरों को उपकरण भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि मनरेगा भले ही 2014 से पहले शुरू हुई थी लेकिन मनरेगा में कार्य दिवस, मजदूरी बढ़ाने के साथ मनरेगा मजदूरों को सरकारी मजदूरों की तर्ज पर सभी सुविधाएं अगर प्रदान की हैं तो वे केंद्र में 2014 के बाद मोदी की सरकार में ही मिलना शुरू हुई हैं।

मनरेगा मजदूरों को दिलाई जा रही अलग पहचान

उन्होंने कहा कि कामगार योजना के अंतर्गत मनरेगा मजदूरों को अलग पहचान दिलाई जा रही है। अगर एक सैनिक को ड्यूटी के दौरान तमाम सुविधाएं मिलती हैं तो उसी तर्ज पर मनरेगा के मजदूरों को भी कुछ सुविधाएं मिल सकें, इसका प्रयास मोदी सरकार कर रही है, जिसकी शुरूआत लाभार्थी परिवारों को समय-समय पर मिलने वाली सामग्री है। उन्होंने कहा कि सैनिकों को भी पैंशन मिलती है और मनरेगा मजदूरों को भी आयु सीमा पूरी करने के बाद हजार रुपए प्रतिमाह पैंशन का प्रावधान है। दिहाड़ी लगाते समय शर्म महसूस कोई न करे, इसके लिए तमाम सुविधाएं मोदी सरकार दे रही है।   

धूमल ने टौणीदेवी माता मंदिर में टेका माथा  

पूर्व मुख्यमंत्री  ने मंगलवार को चौहान वंश की कुलदेवी माता टौणीदेवी मंदिर में माथा भी टेका। इस मौके पर मंदिर की पुजारिन ब्यासा देवी ने पूर्व मुख्यमंत्री को पूजा-अर्चना करवाई। उल्लेखनीय है कि बमसन विस क्षेत्र हुआ करता था और धूमल यहां से चुनाव लड़ते थे तो हर छोटी-बड़ी बैठक टौणीदेवी मंदिर परिसर में होती थी। वहीं टौणीदेवी माता मंदिर परिसर के सौन्दर्यीकरण का पूरा कार्य धूमल ने ही मुख्यमंत्री रहते हुए करवाया है। वहीं आज भी जब धूमल टौणीदेवी माता मंदिर परिसर में आते हैं तो माता के दर्शन करना नही भूलते हैं। इससे पहले टौणीदेवी पहुंचने पर सुजानपुर भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत भी किया। इस दौरान जीका परिषद अध्यक्ष बबली, गवारडू पंचायत की बीडीसी अल्का ठाकुर, भाजपा नेता विजय बहल, दिनेश चौहान, पुन्नू राम, अमरदीप व ध्यान सिंह सहित भाजपा मंडल के तमाम पदाधिकारी व पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News