भाजपा देश में राष्ट्रवादी शक्ति के रूप में उभरी : धूमल

Friday, Feb 19, 2021 - 12:02 AM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): भारतीय जनता पार्टी की 2 दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के पहले दिन के प्रथम सत्र में भाजपा के इतिहास, विकास विषय पर कार्यकत्र्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि जो समाज, राष्ट्र और संगठन अपने इतिहास को भुला देता है वह विकास की राह पर अग्रसर नहीं हो सकता।

प्रो. धूमल ने कहा कि व्यक्ति कितना भी बड़ा हो लेकिन संगठन से बड़ा नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी 2 सांसदों से शुरू हुई पार्टी आज 303 सांसद तक पहुंच चुकी है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी राजनीतिक दल है जो भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है।

उन्होंने कहा कि प्रथम आम चुनाव में जनसंघ का वोट प्रतिशत 3 प्रतिशत रहा और 3 सांसद चुनकर आए। इसी संसद में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में नैशनल डैमोक्रेटिक फ्रंट का गठन हुआ। उन्होंने कहा कि आज भाजपा देश में एक प्रमुख राष्ट्रवादी शक्ति के रूप में उभर चुकी है और देश के सुशासन, विकास, एकता एवं अखंडता के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने कम समय में ही अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। 

Content Writer

Vijay