दल-बदल का ट्रैंड नया नहीं, ज्यादा दिन नहीं चलेगा: धूमल

Friday, May 17, 2019 - 10:53 AM (IST)

हमीरपुर (राजीव): पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि राजनीति में दल-बदल का ट्रैंड नया नहीं है और पहले से चलता आ रहा है लेकिन अब यह ज्यादा दिन नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि वर्र्ष 2014 के बाद देश में बदलाव आया है और लोग स्थायित्व चाहते हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों में नेताओं के बिगड़े बोल घटिया राजनीति का प्रतीक हैं। आरोप-प्रत्यारोप मुद्दों, नीतियों व उपलब्धियों पर होने चाहिए, न कि व्यक्तिगत या किसी धर्म-जाति पर होने चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल हमीरपुर में प्रैस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनावों में पहली बार हुआ है कि महंगाई व भ्रष्टाचार कोई मुद्दा नहीं है, वहीं भ्रष्टाचारी व मुकद्दमों में फंसे हुए लोग डरे हुए हैं। 

उन्होंने कहा कि सिद्धू की बातों पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते क्योंकि सिद्धू की बातों का ज्यादा मतलब नहीं होता है। उन्होंने पश्चिमी बंगाल के घटनाक्रम पर चिंता जताते हुए कहा कि लोकतंत्र में ऐसी घटनाएं होना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एक पुलिस अधिकारी के समर्थन में धरने पर बैठ जाती हैं और जब चुनाव प्रचार के लिए दूसरे दलों के हैलीकाप्टर पश्चिमी बंगाल में आते हैं तो उन्हें उतरने नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अब तो हद ही हो गई कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की रैली पर भी हमला करवा दिया जाता है।
 

Ekta