ट्रिप्पल तलाक के फैसले पर बोले धूमल, मोदी सरकार में नारी का मान-सम्मान सर्वोपरि

Thursday, Aug 01, 2019 - 10:30 PM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रैस बयान में कहा कि भाजपा की मोदी सरकार ने साबित कर दिया कि नारी को मान और सम्मान सिर्फ भाजपा सरकारों में ही मिला है। उन्होंने कहा कि सायरा बानो ट्रिप्पल तलाक केस कई दशकों से चला आ रहा था और विपक्षी दल मुसलमान को सिर्फ वोटर के तौर पर ठगते आए हैं लेकिन भाजपा सरकार ने हमेशा से अल्पसंख्यकों का ध्यान रखा है।

मुस्लिम महिलाओं को मिली सबसे बड़ी सौगात

उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में मोदी सरकार द्वारा ट्रिप्पल तलाक को खत्म करवाए जाने पर मुस्लिम महिलाओं को सबसे बड़ी सौगात मिली है। माननीय उच्चतम न्यायालय का फैसला ऐतिहासिक है। यह मुस्लिम महिलाओं को समानता का अधिकार प्रदान करने और महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में सशक्त कदम है। इस फैसले से मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ  अन्याय समाप्त होगा, जो एक तरफा ढंग से वैवाहिक संबंध समाप्त करने के कारण पीड़ित रही हैं। उन्होंने कहा कि यह उस नारी शक्ति की जीत है, जो मजबूती के साथ इस आंदोलन में सशक्त रूप से खड़ी रही।

उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करती है भाजपा

उन्होंने कहा कि एक बार में तीन तलाक को निरस्त करने वाले उच्चतम न्यायालय के फैसले का भाजपा स्वागत करती है। भाजपा सरकार का हर कार्यकर्ता न्याय के लिए संघर्ष करने वाली महिलाओं को बधाई देता है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय की संविधान पीठ ने बहुमत के निर्णय में मुस्लिम समाज में एक बार में तीन तलाक देने की प्रथा को निरस्त करते हुए इसे असंवैधानिक, गैर-कानूनी और अमान्य करार दिया। न्यायालय ने कहा कि तीन तलाक की यह प्रथा कुरान के मूल सिद्धांत के खिलाफ है।

Vijay