किनौर में ग्लेशियर में दबे पति की सलामती की गुरुद्वारा में मांगी दुआ

Thursday, Feb 21, 2019 - 10:35 PM (IST)

बी.बी.एन.: किनौर जिला के पूह उपमंडल के तहत गांव नामगिंया डोगरी में ग्लेशियर में दबे सेना के जवानों में एक जवान नालागढ़ के तहत गांव जोघों-जगतपुर का रहने वाला है। राजेश ऋषु के ग्लेशियर में दबने की सूचना मिलने के बाद से परिजन लगातर भगवान से उसकी सलामती की प्रार्थना कर रहे हैं। राजेश की पत्नी ने हरीपुर गुरुद्वारा में जाकर पति की सलामती की कामना की।

28 जनवरी को ड्यूटी पर गया था राजेश कुमार

जानकारी के अनुसार 26 वर्षीय राजेश कुमार की दिसम्बर माह में ही शादी हुई थी और 28 जनवरी को ही वह ड्यूटी पर गया था। वह बुधवार को 6 जवानों सहित ग्लेशियर में दब गया था, जिसके बाद से सेना द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया गया है लेकिन मौसम खराब होने के कारण सर्च अभियान में भी बाधाएं आ रही हैं।

परिजनों की आंखों से नहीं थम रहे आंसू

राजेश के माता-पिता व पत्नी सहित अन्य परिजनों की आंखों में आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एस.डी.एम. नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने बताया कि वह किन्नौर जिला प्रशासन से लगातार बात कर रहे हैं। अभी तक यही सूचना आई है कि सर्च अभियान चला हुआ है तथा मौसम खराब होने के कारण सर्च अभियान में देरी हो रही है।

Vijay