गुड़िया कांड को लेकर दिए बयान पर माफी मांगें प्रतिभा सिंह, नहीं तो घर का होगा घेराव : रश्मिधर सूद

punjabkesari.in Wednesday, Jun 29, 2022 - 08:05 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मिधर सूद ने कहा है कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह द्वारा गुड़िया कांड पर की गई टिप्पणी और इसे मामूली घटना करार दिए जाने के खिलाफ महिला मोर्चा पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरेगा और प्रतिभा सिंह के घर हॉलीलॉज का घेराव भी किया जाएगा। ऊना में महिला मोर्चा पदाधिकारियों के साथ पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए रश्मिधर सूद ने कहा कि पहले प्रतिभा सिंह के पति व तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इसे छोटी-मोटी घटनाएं होने का बयान दिया था और अब उसी लाइन पर चलते हुए प्रतिभा सिंह ने इतने बड़े मामले को मामूली करार देकर तमाम महिला वर्ग का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि जो खुद एक महिला हैं, उन्हें इस प्रकार की टिप्पणी शोभा नहीं देती। तमाम महिला वर्ग इससे बेहद आहत है और मन व्यथित है। पूरा महिला वर्ग इस बात का जोरदार शब्दों में विरोध करता है। या तो प्रतिभा सिंह अपना बयान वापस लें, क्षमा मांगें अन्यथा पूरे प्रदेेश में विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। 

आईजी व एसपी तक की हुईं गिरफ्तारियां, कैसे हो सकती है मामूली घटना
रश्मिधर सूद ने कहा कि इस मामले में आईजी व एसपी सहित कई लोगों की गिरफ्तारियां हुई हैं। सीबीआई तक केस चला है, ऐसे में यह मामूली घटना कैसे हो सकती है। प्रतिभा सिंह का कहना कि भाजपाइयों ने पुलिस थाना जला दिया, यह बयान उनका हताशापूर्ण बयान है क्योंकि जो भी घटनाएं उस समय वहां हुई थीं तथा लोगों का रोषपूर्ण प्रदर्शन था, इसमें भाजपा का कोई लेना-देना नहीं था। एक तरफ जयराम सरकार महिलाओं को एचआरटीसी बसों में किराया माफ कर रही है वहीं कांग्रेस महिलाओं को लेकर इस प्रकार की हल्की टिप्पणियां कर रही है। 

मुकेश अग्निहोत्री ने की गलत मुद्दों की शुरूआत
रश्मिधर सूद ने कहा कि नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने ही गलत मुद्दों की शुरूआत की है। उनके घर में भी बहनें हैं, महिलाएं हैं, परिवार है। वैसे ही हर किसी का परिवार है। किसी के परिवार पर उंगली उठाना सही नहीं है। यदि हम एक उंगली दूसरे की तरफ उठाते हैं तो 4 हमारी तरफ भी उठती हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बौखला गई है क्योंकि भाजपा के 4 सफल सम्मेलन हुए हैं और पार्टी फिर से सरकार बनाने जा रही है। कांग्रेस के नेताओं के अंदर डर बैठ गया है कि भाजपा का कार्यकर्ता फिर से सरकार रिपीट करने जा रहा है। ऐसे में कांग्रेसी बुरी तरह से बौखला गए हैं। अब कांग्रेसी नेता भड़ास निकाल रहे हैं। मुकेश को अपनी भाषा को मर्यादित करने के साथ-साथ संयम में बात करनी चाहिए। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News