यहां मतगणना से पहले ही लगा दिए जीत के पोस्टर

Monday, Dec 18, 2017 - 12:01 AM (IST)

पांवटा साहिब: हिमाचल विधानसभा चुनाव के नतीजे 18 दिसम्बर को आने हैं लेकिन जिला सिरमौर के पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में मतगणना से ठीक एक दिन पहले ही भाजपा के समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी की जीत के होर्डिंग्स लगा दिए। हालांकि प्रशासन के संज्ञान में मामला आने के बाद तुरंत इन होर्डिंग्स को हटाने के आदेश जारी कर दिए गए हंै। दरअसल पांवटा साहिब में नगर परिषद के पूर्व नप अध्यक्ष ने होर्डिंग्स लगाकर भाजपा प्रत्याशी की जीत पर लोगों को बधाई दे डाली है। मतगणना से पहले ही जीत के होर्डिंग्स को देखकर लोग हैरान हो गए जबकि खबर लिखे जाने तक ये होर्डिंग्स नहीं उतारे गए थे।

भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी मैदान में
बता दें कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी मैदान में हैं जबकि इसी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी किरनेश जंग चुनाव जंग लड़ रहे हैं। वर्ष 2012 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुखराम हार गए थे। उधर पूछे जाने पर भाजपा प्रत्याशी सुखराम ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं हैं। अगर ऐसा हुआ है तो कार्यकर्ताओं को बोलकर होर्डिंग्स हटा दिए जाएंगे। उधर, इस मामले में एस.डी.एम. एच.एस. राणा ने बताया कि इस बारे भाजपा प्रत्याशी को इस होर्डिंग्स को तुरंत हटवाने को कह दिया गया है और ये भी कह दिया गया है होर्डिंग्स न हटाने की स्थिति में प्रशासन कड़ी कार्रवाई अमल में ला सकता है।