इन मांगों को लेकर मुख्य डाकघर के बाहर गरजे डाक कर्मी

Tuesday, Jun 20, 2017 - 08:16 PM (IST)

ऊना: डाक कर्मचारियों ने मंगलवार को मुख्य डाकघर के आगे एक दिन का धरना दिया। राष्ट्रीय फैडरेशन ऑफ पोस्टल इम्प्लाइज के आह्वान पर डाक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर रोष प्रदर्शन भी किया। डाक विभाग में रिक्त पड़े 60,000 पदों को भरने, नई योजनाओं के नाम पर कर्मचारियों का उत्पीडऩ बंद करने व छुट्टी के दिन भी कर्मचारियों को काम पर बुलाने जैसे मसलों को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया गया। डाक कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता एच.एस. गुलेरिया ने कहा कि विभाग को केवल अफसरशाही के सहारे छोड़ दिया गया है। कर्मचारियों पर काम का अत्यधिक दबाव है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 600 डाक सहायकों के पद खाली हैं और हिमाचल के नए चीफ पोस्ट मास्टर जनरल कर्मचारियों पर काम करने को लेकर दबाव बढ़ा रहे हैं, जिससे कर्मचारी परेशान हैं। 

12 जुलाई को शिमला में होगा धरना-प्रदर्शन
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर जगह अब धरने-प्रदर्शन किए जाएंगे। 12 जुलाई को राज्य स्तरीय धरना-प्रदर्शन शिमला में किया जाएगा, जिसमें पूरे प्रदेश से कर्मचारी हिस्सा लेंगे। गुलेरिया ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग द्वारा देय भत्तों पर निर्णय न लिए जाने पर केन्द्रीय कर्मचारियों में रोष है। जुलाई महीने में केन्द्रीय संगठन अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लेगा। इस रोष प्रदर्शन को महेन्द्र सिंह जसवाल सहित कई अन्य कर्मचारी नेताओं ने भी संबोधित किया।