विद्युत विभाग में भरे जाएंगे T-Mate के इतने पद, पढ़ें खबर

Thursday, May 17, 2018 - 07:23 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के विद्युत विभाग में टी-मेट के 600 पद भरे जाएंगे। इन पदों को भरने के लिए मुख्यमंत्री ने एक सप्ताह पूर्व ही निर्देश दिए थे। इसके साथ ही विभाग के लाइनमैन को फोरमैन के पदों पर पदोन्नति को लेकर भी प्रक्रिया शुरू की गई है। राज्य विद्युत परिषद तकनीकी कर्मचारी संघ को मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद विभाग ने तुरंत प्रभाव से कार्य करना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही पदोन्नति की समय सीमा को भी 7 से घटाकर 5 वर्ष किया जा रहा है।


आदेशों के बाद कार्य पर किया गया अमल
संघ के अध्यक्ष मोहन लाल ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने परिषद की मांगों को तुरंत प्रभाव से लागू करने के निर्देश जारी किए गए थे और इन निर्देशों के बाद कार्य पर अमल किया गया है। उन्होंने कहा कि लाइनमैन से फोरमैन बनने की समय सीमा को कम करने के साथ ही 600 पदों की भर्ती प्रक्रिया के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तुरंत इस संबंध में निर्देश भी जारी किए जाएंगे।


संघ ने की मुख्यमंत्री के आदेशों की सराहना
संघ ने मुख्यमंत्री द्वारा जारी किए गए इन आदेशों की सराहना करते हुए कहा कि इतने कम समय में मुख्यमंत्री ने संघ की मांगों को पूरा करने के लिए कार्य किया है। इससे पहले कभी इस गति से विभाग में कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि विद्युत कर्मचारी सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर विभाग एवं प्रदेश की तरक्की के लिए दिन-रात एक कर देंगे।

Vijay