खतरे के निशान से 5 फुट नीचे पौंग का जलस्तर

Monday, Sep 24, 2018 - 07:57 PM (IST)

फतेहपुर : ब्यास दरिया पर बने पौंग जलाशय का जलस्तर खतरे के निशान से कुछ ही दूरी पर पहुंच चुका है। बता दें 1390 खतरे के निशान के करीब पहुंचने पर कभी भी पानी छोड़ा जा सकता है, जिससे किसी भी तरह की जान-माल की हानि न हो इसके लिए भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड ने डी.सी. कांगड़ा, एस.डी.एम. देहरा गोपीपुर, एस.डी.एम. फतेहपुर, एस.डी.एम. इंदौरा सहित शाहनहर के अधिकारियों को पत्र लिख सूचित कर दिया है। प्रबंधन के अनुसार पौंग डैम का जलस्तर 1385.34 फीट तक पहुंच चुका था, जबकि 1390 फीट खतरे का निशान चिन्हित किया गया है। जानकारी के अनुसार सोमवार को पौंग जलाशय में 169644 क्यूसिक पानी की आबक हो रही है जबकि 12568 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं एस.डी.एम. फतेहपुर बलबान चंद का कहना है कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड द्वारा प्रशासन को सूचित किया गया है कि पौंग जलाशय में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए कभी भी पानी ज्यादा मात्रा में छोड़ा जा सकता है। वहीं फतेहपुर प्रशासन ने ब्यास किनारे रहने वाले लोगों को अपने मवेशियों सहित सुरक्षित जगह पर रहने के निर्देश दिए हैं।

Jinesh Kumar