पौंग बांध विस्थापितों के सब्र का टूटा बांध, जसूर-ज्वाली मार्ग पर किया चक्का जाम

Thursday, Nov 28, 2019 - 09:01 PM (IST)

ज्वाली (दौलत चौहान): पौंग बांध विस्थापितों का सब्र का बांध अब टूटने लगा है। 47 साल से विस्थापन का दंश झेल रहे पौंग बांध विस्थापित वीरवार को राजा का तलाब में खूब गरजे। विस्थापितों ने करीब एक घंटे तक जसूर-ज्वाली मार्ग पर चक्का जाम किया। इस मौके पर भारी पुलिस बस तैनात किया गया था। वहीं सूचना मिलते ही डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा व अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर विस्थापितों को समझाया और मार्ग बहाल करवाया।

हाथों में तख्तियां लिए समिति सदस्यों ने केंद्र, प्रदेश व राजस्थान सरकार को चेताया कि अगर जल्द पौंग बांध विस्थापितों की समस्याओं पर कोई फैसला नहीं लिया तो विस्थापित करो या मरो की नीति पर चलते हुए आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि 47 वर्ष के बाद भी पौंग बांध विस्थापितों की समस्या ज्यों की त्यों है। उन्होंने प्रदेश सरकार, सांसदों व प्रतिनिधियों पर आरोप लगाया कि वे विस्थापितों के हक की आवाज को प्रमुखता से नहीं उठा पाए हैं।

विस्थापितों का कहना है कि जब भी प्रदेश में चुनाव आते हैं तो दोनों ही प्रमुख पार्टियों को विस्थापितों की याद मात्र वोटों की ही राजनीति के लिए ही आती है। आखिरकार विस्थापितों की अनदेखी का क्या कारण है? पौंग डैम बनने के समझौते के अनुसार आज तक विस्थापितों को राजस्थान में जमीन नहीं मिल पाई है। यहां-वहां रहकर परिवार गुजर-बसर कर रहे हैं। 47 साल से विस्थापित केंद्र, प्रदेश व राजस्थान सरकार से हक मांग रहे हैं लेकिन आजतक हक नहीं मिला है। अब मजबूरन वे आंदोलन के लिए बाध्य हो गए हैं।

Vijay