शिलान्यास पट्टिकाएं तोड़ने पर गरमाई राजनीति, कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन

Saturday, Feb 17, 2018 - 01:59 AM (IST)

घुमारवीं: पूर्व संसदीय सचिव राजेश धर्माणी के कार्यकाल में किए गए शिलान्यासों की पट्टिकाओं के तोड़े जाने पर राजनीति गर्माना शुरू हो गई है। इसी के चलते कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दधोल कलां में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जागीर सिंह मेहता की अगुवाई में विरोध प्रदर्शन किया। बताते चलें कि बीते 1 सप्ताह में 2 शिलान्यास पट्टिकाएं टूट चुकी हैं। कांग्रेस नेता इन पट्टिकाओं को तोडऩे के पीछे भाजपाइयों का हाथ बता रहे हैं। शुक्रवार को कांग्रेसी कार्यकर्ता दधोल कलां में एकत्रित हुए और जिस स्थान पर शिलान्यास पट्टिका तोड़ी गई थी, वहां पर धरना-प्रदर्शन किया। 

ओछी राजनीति पर उतरे भाजपाई नेता 
कांग्रेसी नेता जागीर सिंह मेहता व पुरुषोत्तम ने दावा किया है कि इन कृत्यों के पीछे भाजपाइयों का ही हाथ है। उन्होंने मांग की है कि पुलिस व स्थानीय प्रशासन ऐसे लोगों का पता करें कि कौन इस प्रकार जनता के पैसे से बनाई गई शिलान्यास पट्टिकाओं को तोडऩे में लगे हैं। नेताओं का कहना है कि भाजपाई नेता ओछी राजनीति पर उतर आए हैं जोकि किसी भी कीमत पर सहन नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रशासन को चेताया कि यदि शीघ्र इन मामलों के आरोपियों को जनता के समक्ष नहीं किया गया तो कांग्रेसी कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन करेंगे जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की ही होगी। 

खुद कांग्रेस के ही लोग तोड़ रहे शिलान्यास पट्टिकाएं
इस मामले में भाजपा मंडल सचिव राजेश ठाकुर तथा दधोल बूथ अध्यक्ष ओम प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस घुमारवीं चुनाव क्षेत्र में अपना जनमत खो चुकी है और सुर्खियों में बने रहने के लिए खुद कांग्रेस के ही लोग इन शिलान्यास पट्टिकाओं को तोड़ रहे हैं।