कांगड़ा में भाजपा-कांग्रेस वरिष्ठ नेताओं से चढ़ा सियासी पारा

Wednesday, Mar 31, 2021 - 11:49 AM (IST)

धर्मशाला (तनुज): नगर निगम जीतने को भाजपा-कांग्रेस के दिग्गजों ने वार्ड स्तर पर मोर्चा संभाल लिया है। जिला कांगड़ा में धर्मशाला तथा पालमपुर में कांग्रेस और भाजपा की चली वार्ड स्तर पर बैठकों से सियासी पारा भी चढ़ गया। राजनीतिक पार्टियों के दिग्गजों द्वारा आयोजित बैठकों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी रहा। इतना ही नहीं पार्टियों ने एक-दूसरी पार्टी के कार्यकर्ताओं को अपने साथ जोड़ने के दावों का दौर भी शुरू कर दिया।
मंगलवार को धर्मशाला में मुख्यमंत्री ने निगम चुनावों को लेकर वार्ड स्तर पर पार्टी नेताओं द्वारा अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में चले माहौल को लेकर भी नब्ज टटोली गई। वहीं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार से लेकर निगम फतेह करने को लेकर रूपरेखा तैयार की। जिला कांगड़ा में पालमपुर तथा धर्मशाला में नगर निगम चुनाव 7 अप्रैल को होने हैं।
धर्मशाला में दूसरी बार जबकि पालमपुर में नगर निगम के पहली बार चुनाव होने हैं। सत्तासीन पार्टी अपने मिशन रिपीट के अनुसार इन चुनावों को अहम मानते हुए कार्य कर रही है, वहीं विपक्ष भी पूरी ताकत इन चुनावों में झोंक रहा है। पार्टी दिग्गजों के कांगड़ा में होने के चलते अब निगम क्षेत्र की जनता भी पार्टी द्वारा क्षेत्र में किए जाने वाले कार्याें को लेकर घोषणा पत्र का इतंजार कर रही है। राजनीतिक पार्टियों द्वारा इन दोनों निगमों में अभी चुनावी घोषणा पत्र को जारी नहीं किया गया है।

News Editor

Rajneesh Himalian