पुलिस ने पकड़ी 320.72 ग्राम चरस, नाबालिग सहित 4 गिरफ्तार

Friday, Feb 24, 2017 - 10:06 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला व जिला चम्बा में पुलिस ने नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसते हुए करीब 320.72 ग्राम चरस सहित 4 लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार पहले मामले में शुक्रवार को जिला शिमला के अंतर्गत आते 3 स्थानों चिडग़ांव, सुन्नी व नेरवा में पुलिस ने 3 व्यक्तियों से कुल 44.72 ग्राम चरस बरामद की है। इनमें नेरवा में रमन बराकटा से 14 ग्राम और सुन्नी में किशोरी लाल नामक व्यक्ति से 15 ग्राम चरस पकड़ी है। इसके अलावा चिडग़ांव में अनिल कुमार नामक व्यक्ति से 15.72 ग्राम चरस गश्त के दौरान पकड़ी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ  एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तीनों मामलों की पुष्टि एस.पी. शिमला डी.डब्ल्यू नेगी ने की है।

चुवाड़ी में 276 ग्राम चरस सहित नाबालिग दबोचा
दूसरे मामले में जिला चम्बा के अंतर्गत आते पुलिस थाना चुवाड़ी में एक नाबालिग लड़के को चरस सहित पकड़े जाने का मामला दर्ज किया गया है। ए.एस.पी. चम्बा विरेंद्र ठाकुर ने बताया कि वीरवार को पुलिस ने 276 ग्राम चरस सहित एक नबालिग लड़के को उस समय पकड़ा जब पुलिस की एक टीम नैनीखड में गश्त पर थी। नाबालिग लड़के की पहचान साढ़े 17 वर्षीय प्रवीन कुमार पुत्र देशराज निवासी गांव लेसुंई तहसील चुराह के रूप में की गई। पुलिस ने उक्त नबालिग लड़के के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चूंकि आरोपी  नाबालिग है इसलिए इस बारे में उसके अभिभावकों से संपर्क किया गया और उसे उसके  पिता के हवाले कर दिया गया।