बद्दी में हुए गोलीकांड के आरोपियों तक पहुंची पुलिस : DGP

Wednesday, Jan 09, 2019 - 06:35 PM (IST)

बद्दी (संजीव बस्सी): बुधवार को पुलिस महानिदेशक एस.आर. मरड़ी ने बद्दी थाने का औचक निरीक्षण किया। थाना में अव्यवस्थाएं पाई गईं, जिस पर वह नाखुश दिखे। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि बद्दी पुलिस में सुधार की जरूरत है और यहां पर पुलिस को और सख्ती बरतने की जरूरत है। बद्दी में यातायात व्यवस्था सुचारू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बद्दी के प्रभारी व थाना प्रभारियों को सख्ती से कानून लागू करने को कहा है। उन्होंने वाहन अधिनियम एक्ट के तहत हैल्मेट व सीट बैल्ट पहनना, नंबर प्लेट, गाड़ी चलाते हुए मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने को और सख्ती से लागू करने को कहा गया। इसके अलावा ओवर बॉडी ट्रैक्टरों व ओवर लोडिंग ट्रालों पर शिकंजा कसने के आदेश दिए।

जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे गोलीकांड के आरोपी

उन्होंने कहा कि बद्दी में 2 दिन पहले हुए गोलीकांड के आरोपियों तक पुलिस पहुंच गई है और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने इस बात पर चिंता जताई है कि यहां पर बड़ी कंपनियों ने सी.सी.टी.वी. कैमरे नहीं लगा रखे हैं। ये आरोपी भी एक आम आदमी के घर में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हुए, जिससे पुलिस के हाथ सुराग लगा। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई है और एक-दो दिन में इसका खुलासा कर दिया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों व बी.बी.एन.आई.ए. के अधिकारियों से आग्रह किया है कि वह अधिक संख्या में सी.सी.टी.वी. लगाएं। उन्होंने मौके पर ए.एस.पी. एन.के. शर्मा को कानून व यातायात व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।

कहीं पुलिस और अवैध कार्य करने वालों में सांठ-गांठ तो नहीं

यही नहीं, पुलिस महानिदेशक ने बातों ही बातों में कहा कि कहीं बी.बी.एन. की पुलिस व अवैध कार्य करने वालों में कोई सांठ-गांठ तो नहीं। अगर ऐसा है तो मुझे इसके बारे में खुल कर बताएं व जरूरी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की कानून व्यवस्था का उसे शहर में एंटर होते ही पता चल जाता है। बद्दी में घुसते ही जो नजारा उन्हें दिखाई दिया है उसे देखकर यह साफ है कि यहां कानून व्यवस्था सही नहीं है। इस मौके पर उनके साथ डी.आई.जी. शिमला, नगर व्यापार मंडल के प्रधान प्रवीण कौशल, कोषाध्यक्ष सुभाषु, बद्दी बर्धमान व्यापार मंडल के प्रधान जसवंत राय, सुशील कुमार, कैमिस्ट एसोसिएशन सचिव जसविंद्र, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष  मुस्ताक खान, बी.बी.एन.आई. के पदाधिकारी मुकेश जैन भी उपस्थित रहे।

Vijay