पुलिस कर्मी अक्तूबर से ऑनलाइन देख सकेंगे अपना रिकॉर्ड

Friday, Sep 07, 2018 - 11:53 AM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर पुलिस विभाग अपने कर्मचारियों की सारी डिटेल ऑनलाइन करने जा रहा है। इसके लिए पुलिस विभाग ने एन.आई.सी. से एक सॉफ्टवेयर तैयार करवाया है। मानव संपदा नामक यह सॉफ्टवेयर अगले माह से काम करना शुरू कर देगा। जानकारी के अनुसार इस सॉफ्टवेयर के शुरू हो जाने के बाद पुलिस विभाग में बिलासपुर जिला प्रदेश का ऐसा जिला बना जाएगा, जिसके सारे पुलिस कर्मचारियों की सारी डिटेल ऑनलाइन होगी। इस सॉफ्टवेयर के शुरू होने के बाद बिलासपुर पुलिस विभाग के कर्मचारियों की न केवल ए.सी.आर. (एनुअल कॉन्फीडैंशियल रिपोर्ट) ऑनलाइन होगी बल्कि पुलिस कर्मचारियों के स्थानांतरण सहित अवकाश पर जाने के लिए ऑनलाइन प्रोसैस होगी। 

पुलिस कर्मचारी को अवकाश के लिए ऑनलाइन ही आवेदन करना होगा। जानकारी के अनुसार अभी तक प्रदेश में आई.पी.एस. और एच.पी.एस. अधिकारियों का ही सारा रिकार्ड ऑनलाइन है लेकिन इस सॉफ्टवेयर के शुरू हो जाने के बाद जिला के सभी पुलिस कर्मचारियों का सारा रिकार्ड ऑनलाइन हो जाएगा। एस.पी. बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि अगले महीने से इस सॉफ्टवेयर को शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सॉफ्टवेयर के शुरू होने के बाद पुलिस कर्मचारी को अवकाश के लिए लिखित में आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी बल्कि मोबाइल फोन के जरिए एक एस.एम.एस. करने पर ही अवकाश स्वीकृत कर दिया जाएगा। 

इस सॉफ्टवेयर की खास बात यह है कि पुलिस कर्मी ऑनलाइन यह भी देख पाएंगे कि इस वर्ष उनके कितने अवकाश शेष हैं और अब तक कितने अवकाश वे ले चुके हैं। इसके अलावा अपने वेतन व अन्य भत्तों के बारे भी में पूरी डिटेल प्राप्त की जा सकेगी। इतना ही नहीं, संबंधित सॉफ्टवेयर के शुरू हो जाने के बाद पुलिस कर्मचारियों की पिछली 3 पोस्टिंग का भी पता चल जाएगा कि वह किस जगह पर कितने समय रहा। जिला में करीब 600 पुलिस कर्मचारी कार्यरत हैं। एस.पी. बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि संबंधित सॉफ्टवेयर में जिला में कार्यरत पुलिस कर्मचारियों का सारा डाटा अपलोड किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों का केवल अब पिछली 3 पोस्टिंग का डाटा अपलोड करना बाकी है। 
 

Ekta