यहां पुलिस कांस्टेबल की ‘इस’ हरकत से दागदार हुई खाकी

Monday, Apr 17, 2017 - 12:30 PM (IST)

बिलासपुर: हिमाचल के बिलासपुर जिला में 'खाकी' उस समय दागदार हो गई, जब एक पुलिस कर्मी के मुंह पर कालिख पोत दी गई। मामला नम्होल पंचायत के बागकलां गांव में सामने आया है। यहां एक पुलिस कांस्टेबल को संगीन हालत में पकड़ कर पूरी रात कमरे में बंद कर दिया गया। बताया जाता है कि वह शराब के नशे में एक महिला के घर में घुसकर उससे अश्लील हरकतें करने लगा। महिला के परिजनों को जैसे ही इस बात का पता चला तो उन्होंने शोर मचाया और गांववासियों की मदद से उसे पकड़ लिया। तभी ग्रामीणों ने उसके मुंह पर काली स्याही लगा दी। बिलासपुर सुरक्षा विंग में कार्यरत पुलिस कर्मी दिनेश को निलंबित कर दिया गया है। सूत्रों से यह भी पता चला है कि उक्त पुलिस कर्मी ने पहले महिला के पति को खूब शराब पिलाई और जब महिला का पति होश खो बैठा तो वह उसे वहीं छोड़ उसके घर जा पहुंचा। 


महिला व पुलिस कर्मी की शिकायतें दर्ज
इस मामले में महिला व आरोपी पुलिस कर्मी दिनेश की ओर से अलग-अलग एफ.आई.आर. बरमाणा पुलिस थाना में दर्ज की गई है। उक्त महिला ने जहां उक्त पुलिस कर्मी पर जबरदस्ती उसके घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ करने व धमकियां देने की शिकायत की है तो वहीं पुलिस कर्मी ने शिकायत में बताया कि 14 अप्रैल को वह अपने घर की ओर जा रहा था तो कुछ लोगों ने उसे डंडों के साथ पीटा जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। एस.पी. बिलासपुर राहुल नाथ ने बताया कि दोनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।