नदी में फंसे अधेड़ को छोड़ वापस लौटी पुलिस, युवकों ने ऐसे बचााई जान

Monday, Jul 17, 2017 - 12:45 AM (IST)

देहरा: रविवार को देहरा में ब्यास नदी में देहरा निवासी लेलो सिंह (55) अचानक जल स्तर बढ़ जाने के कारण एक टापू में करीब 6 घंटे तक फंसा रहा लेकिन पुलिस ने उसकी कोई मदद नहीं की। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब साढ़े 1 बजे के आसपास लोगों ने देखा कि एक व्यक्ति ब्यास नदी के बीचोंबीच फंसा हुआ है। उक्त व्यक्ति को देखकर लोगों ने तुरंत देहरा पुलिस को फोन किया। पुलिस काफी समय बाद घटना स्थल पर पहुंची फिर उक्त व्यक्ति को निकालने का कोई प्रयास नहीं किया गया और काफी देर तक मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी नदी में फंसे व्यक्ति को देखते रहे, फिर बिना कुछ किए वापस लौट गए। 

2 युवकों ने जान पर खेल कर किनारे पहुंचाया व्यक्ति
इसके बाद देहरा के 2 साहसी युवक अजय और विशाल नदी का जल स्तर घटने पर उफनती नदी में उतर गए और लेलो सिंह को तैर कर वापस ले आए। लोग उक्त दोनों युवकों के हौसले की प्रशंसा कर रहे हैं कि कैसे उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर उक्त व्यक्ति की जान बचा ली। लेलो सिंह के पड़ोसी राकेश सिंह ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि सूचना देने के बावजूद प्रशासन और पुलिस की तरफ  से उक्त व्यक्ति को बचाने का कोई सार्थक प्रयास नहीं किया गया। 

क्या कहते हैं अधिकारी
इस बारे में डी.एस.पी. देहरा एल.एम. सिंह का कहना है कि वह छुट्टी पर हैं लेकिन यदि ऐसा हुआ तो जानकारी लेंगे। इस बारे एस.डी.एम. देहरा मलोक सिंह का कहना है कि इस तरह की आपदाओं के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया गया है लेकिन किसी ने उक्त विषय को लेकर कंट्रोल रूम से संपर्क नहीं किया। मलोक सिंह ने कहा कि भविष्य में यदि कोई ऐसी आपदा होती है तो लोग कंट्रोल रूम में तुरंत सूचना दें।