पुलिस ने युकां कार्यकर्ताओं की योजना पर फेरा पानी, नहीं जला पाए CM का पुतला

Friday, Mar 23, 2018 - 11:12 PM (IST)

चम्बा: युकां कार्यकर्ताओं की योजना पर पुलिस ने उस समय पानी फेर दिया जब युकां कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के मुख्य चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला जलाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस व युकां कार्यकर्ताओं के बीच पुतले को लेकर छीना-झपटी हुई और पुलिस ने उनसे पुतला छीन लिया। हुआ यूं कि शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के विरोध में जिला मुख्यालय में चम्बा-कांगड़ा युवा कांग्रेस के प्रभारी अमित पठानिया की अगुवाई में एक रैली निकाली तो साथ ही मुख्यमंत्री का पुतला जलाने का भी प्रयास किया लेकिन समय रहते पुलिस को इसकी भनक लग गई। जैसे ही युवा कांग्रेसी डोगरा बाजार की तरफ से मुख्यमंत्री का पुतला जलाने के लिए चौक पर पहुंचे तो वहां मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने पुतले को आग की भेंट चढऩे से पूर्व ही उनसे छीन लिया।

पुलिस ने पुतला छीन दिया रतानाशाही रवैये का उदाहरण 
युवा कांग्रेस अध्यक्ष कपिल भूषण ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने पुतला छीनकर तानाशाही रवैये का उदाहरण दिया है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ धक्का-मुक्की तथा छीना-झपटी भी की जोकि न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून हमें सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करने की इजाजत देता है लेकिन जिला प्रशासन की यह हरकत निंदनीय है जिसका युवा कांग्रेस विरोध करती है। 

धारा 118 के साथ बंद हो छेड़छाड़
चम्बा-कांगड़ा युवा कांग्रेस प्रभारी अमित पठानिया ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार पूर्व कांग्रेस में लिए गए फैसलों को पलटना बंद करे। उन्होंने कहा कि धारा 118 के साथ की जा रही छेड़छाड़ को भी बंद करे। तबादलों के नाम पर भी सरकार कर्मचारियों का उत्पीडऩ कर रही है तथा युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भी केस बना रही है। उन्होंने कहा कि सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से काम करना बंद करके विकासात्मक गतिविधियों पर ध्यान दे।

सार्वजनिक किए जाएं मैडीकल कालेज चम्बा के टैंडर 
उन्होंने कहा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू मैडीकलकालेज चम्बा में गुपचुप तरीके से टैंडरों को लगाया जा रहा है, उन्हें सार्वजनिक किया जाए तथा ऑनलाइन टैंडर प्रक्रिया को अंजाम दिया जाए। 

Punjab Kesari