आनी के चनास में पुलिस ने नष्ट की अफीम की खेती, 2 लोगों के खिलाफ मामले दर्ज

Thursday, Apr 29, 2021 - 11:57 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): पुलिस ने अफीम की खेती करने के जुर्म में दो लोगों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार पुलिस की टीम गश्त के दौरान आनी के गांव सिनवी गई तो पुलिस को सूचना मिली कि चनास में लोगों ने अवैध रूप से अफीम की खेती कर रखी है। पुलिस की टीम ने चनास गांव में पहुंचकर मटर की फसल के बीच अफीम के पौधे भी पाए। छानबीन में पाया गया कि यह खेती लगन दास पुत्र दौलत राम निवासी चनास जिला कुल्लू ने अपनी मिलकीयत भूमि पर कर रखी है।

पुलिस ने अफीम के 1256 पौधे उखाड़े और 10 पौधे बतौर सैंपल रखे और बाकी पौधों को नष्ट किया गया। इसके बाद पुलिस की टीम ने चनास में ही धनी राम पुत्र राम दयाल के खिलाफ भी मामला दर्ज किया। इसने जौ की फसल के बीच अफीम के पौधे तैयार किए थे। यहां पर पुलिस ने 1340 पौधे उखाड़े और इनमें से 10 पौधे सैंपल के तौर पर अपने पास सुरक्षित रखे। एसपी गौरव सिंह ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज होने की पुष्टि की है।

Content Writer

Vijay