Una: नशा तस्करों के हौसले बुलंद! 1 माह पहले ही मिली थी जमानत...पुलिस ने फिर चिट्टे सहित रंगे हाथों धरा युवक
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 05:45 PM (IST)
गगरेट (बृज): जिला ऊना में नशा तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि उन्हें अब न पुलिस का खौफ है और न ही कानून का डर। गगरेट में एक ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। करीब एक महीने पहले चिट्टा तस्करी के आरोप में जेल की हवा खा चुका एक युवक अदालत से जमानत पर बाहर आते ही फिर से इसी काले धंधे में उतर गया, लेकिन ऊना पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) की पैनी नजरों से वह बच नहीं सका और 4.86 ग्राम चिट्टे के साथ दोबारा रंगे हाथों धरा गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात एसआईयू के एएसआई त्रिलोचन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने होशियारपुर-गगरेट मार्ग पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान होशियारपुर की तरफ से बाइक पर आ रहे एक युवक को शक के आधार पर चेकिंग के लिए रोका गया। जब पुलिस ने सघन तलाशी ली, तो उसके पास से 4.86 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी की पहचान राहुल ठाकुर निवासी कुठेड़ा खैरलाके रूप में हुई है।
एक ही युवक के इतने कम समय में दूसरी बार पकड़े जाने से पुलिस भी हैरान है। गौरतलब है कि इसी राहुल ठाकुर को एसआईयू की टीम ने महज एक महीने पहले चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया था। उस वक्त वह अदालत से जमानत हासिल करने में कामयाब रहा था, लेकिन सुधरने के बजाय उसने होशियारपुर से गगरेट तक चिट्टे की तस्करी का खेल फिर शुरू कर दिया।
डीएसपी गगरेट अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी राहुल के खिलाफ गगरेट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब कड़ाई से यह जांच कर रही है कि वह कहां यह नशा खरीद कर ला रहा था और इसे किसे बेचा जाना था। पुलिस नशे के इस पूरे नैटवर्क का भंडाफोड़ करने में जुट गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

