शादी समारोहों में DJ वालों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 जगहों पर करवाए बंद

Friday, Mar 08, 2019 - 11:20 AM (IST)

ऊना (विशाल): रात के समय शादी समारोहों में बजने वाले डी.जे. पर पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर कहर बनकर टूटी है। गुरुवार देर रात पुलिस ने जिला भर में लगभग 15 डी.जे. बंद करवाए गए और एक जगह डी.जे. बजाने पर एफ.आई.आर दर्ज की गई है। वहीं रात 10 बजे के बाद डी.जे. चलाने वालों पर रोक लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने 3 पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात कर दी है। यह पेट्रोलिंग पार्टियां जिला भर में गश्त कर रात 10 बजे के बाद बजने वाले डी.जे. पर कार्रवाई करेंगी। शादियों के सीजन में डी.जे. का खुमार जोरों पर हैं। अपने परिवार और रिश्तेदारों के संग खुशियां मनाते हुए लोग डी.जे. की धुनों पर थिरक रहे हैं।

रात 10 बजे के बाद भी लोग डी.जे. बंद नहीं होने दे रहे और कई जगहों पर डी.जे. बेरोकटोक चलता रहता है जोकि अदालती आदेशों के खिलाफ है। तय समयावधि के बाद डी.जे. बजाने पर पुलिस पिछले कुछ अर्से से कार्रवाई में लगी हुई है। इससे पहले 3 मामले दर्ज किए जा चुके हैं जबकि वीरवार रात पंजावर में डी.जे. बजाने को लेकर मामला दर्ज किया गया हैं वहीं 15 अलग-अलग जगहों पर पुलिस ने पहुंच कर डी.जे. बंद करवाया। एस.पी. दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस नियमों की अनुपालना करवाने में लगी हुई है। डी.जे. बंद करवाने को लेकर 3 पुलिस पार्टियां बनाई गई हैं जोकि पेट्रोलिंग के दौरान रात 10 बजे के बाद बजने वाले डी.जे. पर कार्रवाई करेंगी।

 

Ekta