पुलिस की बड़ी सफलता, धर्मशाला-कांगड़ा में चरस सहित 2 गिरफ्तार

Sunday, Nov 19, 2017 - 01:36 AM (IST)

धर्मशाला/कांगड़ा: कांगड़ा जिला के अंतर्गत आते 2 अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने 2 लोगों को चरस सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पहले मामले में सदर पुलिस थाना धर्मशाला की टीम ने एक व्यक्ति से 40 ग्राम चरस बरामद की है। जानकारी के अनुसार शनिवार करीब सवा 3 बजे पुलिस ने कैं ट रोड पर नाका लगाया हुआ था। इस दौरान जम्मू-कश्मीर निवासी अब्दुल सजीद पुत्र हयात लोन पुलिस को देखकर भागने लगा। इस पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। चैकिंग करने पर उसके कब्जे से 40 ग्राम चरस बरामद हुई। बहरहाल पुलिस ने उसके खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी एस.एच.ओ. सुनील राणा ने की है।

कांगड़ा बस अड्डे पर 97.5 ग्राम चरस सहित एक धरा 
दूसरे मामले में शनिवार शाम कांगड़ा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बस अड्डा के पास एक व्यक्ति से 97.5 ग्राम चरस पकड़ी। इस बात की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी जसबीर सिंह सैणी ने बताया कि आरोपी अंकुश कुमार निवासी बन्नी तहसील देहरा को मादक पदार्थ अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर छानबीन शुरू कर दी है।