''ऐसे बहादुर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कारण ही हम समाज की हर चुनौतियों का सामना करने में सक्षम''

Monday, Aug 21, 2017 - 05:17 PM (IST)

शिमला (विकास): राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने राजभवन में आयोजित अलंकरण समारोह में प्रदेश पुलिस, गृह रक्षा तथा अग्निशमन विभागों के 67 कर्मियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए मैडल तथा चार जीवनरक्षा पदक प्रदान किए। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी इस अवसर पर उपस्थित थे। इस मौके पर राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और प्रत्येक नागरिक में कर्तव्य की भावना से ही बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है। स्वार्थ से ऊपर उठकर तथा उच्च विचारों की सोच समाज में जानी चाहिए तभी देश और प्रदेश का कल्याण संभव है। 


राज्यपाल के तौर पर उन्होंने नशामुक्त प्रदेश का अभियान छेड़ा
उन्होंने कहा कि राज्यपाल के तौर पर उन्होंने नशामुक्त प्रदेश का अभियान छेड़ा है, क्योंकि इस बुराई के चलते प्रदेश कभी भी विकास के पथ पर आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति नशामुक्त प्रदेश के इस अभियान को आगे बढ़ाए। राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल को देवभूमि कहा जाता है जिसे हासिल करने में हमारे पूर्वजों के महान आदर्श व सिद्धांत रहे होंगे। देवभूमि की सार्थकता को बनाए रखने के लिए हमें अच्छे समाज का आदर्श प्रस्तुत करना होगा। राज्यपाल ने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि देशवासियों को इनकी बहादुरी पर गर्व है तथा इनके द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों से अन्यों को भी प्रेरणा मिलेगी। 


आचार्य ने की शिल्पा शर्मा की बहादुरी की चर्चा
जीवनरक्षा पुरस्कार से सम्मानित कुमारी शिल्पा शर्मा की बहादुरी की चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि अपने जीवन की परवाह किए बिना कुमारी शिल्पा ने तेंदुए के मुंह से अपने भाई की जान बचाकर जिस अदम्य साहस का परिचय दिया, वह दूसरों के लिए उदाहरण है। ऐसी मिसालें ही समाज को प्रेरणा देती हैं। इससे पूर्व, राज्यपाल ने विशिष्ट सेवाओं के लिये राष्ट्रपति पुलिस पदक के 6 तथा गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा के 2 पदक प्रदान किए। सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक के लिए 27 विजेताओं को सम्मानित किया गया। सराहनीय कार्य के लिए अग्निशमन सेवा व गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा पदक के 26 कर्मियों को अलंकृत किया गया। इसके अतिरिक्त, जीवन रक्षा के लिए सुशील कुमार, फैयाज अहमद, शिल्पा शर्मा तथा दिनेश कुमार को भी पदक प्रदान किए गए। मुख्य संसदीय सचिव नंद लाल, मुख्य सचिव वीसी फारका, मुख्य सूचना आयुक्त नरेन्द्र चौहान, पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल, अतिरिक्त मुख्य सचिव तरूण श्रीधर तथा अन्य इस अवसर पर उपस्थित थे।