जहरीली सब्जी खाने के बाद परिवार के 5 लोग हुए अस्पताल भर्ती, जंगल से इठ्ठा कर लाए थे जहर

Sunday, Sep 29, 2019 - 01:31 PM (IST)

चम्बा (विनोद): एक परिवार द्वारा शुक्रवार को जहरीली जंगली सब्जी खाने के चलते भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परिवार में जिस-जिस ने जंगली सब्जी खाई उसकी कुछ देर के बाद तबीयत खराब हो गई। स्थिति इस कदर गंभीर बन गई कि परिवार के पांच लोगों को उपचार के लिए रात के समय मैडीकल कालेज अस्पताल चम्बा पहुंचाने के लिए मजबूर होना पड़ा। समय रहते अस्पताल पहुंचने के चलते उनका उपचार होने पर उन्हें शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

जानकारी अनुसार शुक्रवार को परिवार का कोई सदस्य जंगल से सब्जी ले आया जिसे बना कर सभी ने खाया। शाम को भोजन करने के बाद थोड़ी देर में ही प्रियंका(18) पुत्री लाजपत सिंह, ममता (40) पत्नी लाजपत सिंह, प्रिया (12) पुत्री मनोज कुमार, चंद्रकांता (37) पत्नी मनोज कुमार व गिलो देवी (65) पत्नी स्वर्गीय धर्म चंद सभी निवासी गांव प्लयूर की तबीयत खराब हो गई। पहले तो घर वालों को कुछ समझ नहीं आया लेकिन जब कुछ देर के बाद सभी को उल्टी व दस्त लगे तो स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार के अन्य सदस्यों ने उन्हें उपचार के लिए रात करीब 9 बजे मैडीकल कालेज अस्पताल चम्बा पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने जांच करने पर यह मामला फूड प्वायजिनिंग का पाया। सभी को उपचार के लिए भर्ती किया गया। शनिवार की सुबह स्वस्थ होने के चलते उन्हें छुट्टी दे दी गई।
 

kirti