मिडल स्कूलों में खाली रहेंगे PTI व ड्राइंग के पद

Monday, Jan 07, 2019 - 10:24 AM (IST)

सोलन (पाल): प्रदेश के मिडल स्कूलों में शारीरिक शिक्षक (पी.टी.आई.) व ड्राइंग मास्टर के पद खाली रहेंगे। स्कूलों में बच्चों की संख्या 100 होने पर ही इन पदों को भरा जाएगा। इस बारे में प्रारम्भिक शिक्षा निदेशालय ने सभी जिलों के उपनिदेशकों को आदेश जारी किए हैं। इन पदों को समाप्त नहीं किया है लेकिन इन्हें जिला स्तर के स्टैंड पूल में रखा गया है। मजेदार बात यह है कि वर्ष 2017-18 के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 5 मिडल स्कूलों में बच्चों की संख्या 100 से अधिक है।

प्रदेश के करीब 1,924 मिडल स्कूलों में निकट भविष्य में इतनी संख्या पूरी होने की उम्मीद कम ही है क्योंकि इन स्कूलों में बच्चों की संख्या 60 या इससे कम है। प्रदेश में मिडल स्कूलों की संख्या करीब 1,996 है। प्रदेश में केवल जिला सोलन के एक मिडल स्कूल में बच्चों की संख्या 221 से 300 के बीच जबकि 4 स्कूलों में यह संख्या 101 से 140 के बीच है। इसके अलावा 67 स्कूलों में बच्चों की संख्या 61 से 100 के बीच है। शिक्षा विभाग के इस नए फरमान के बाद मिडल स्कूलों में अब इन दोनों पदों को भरने की सम्भावना कम हो गई है।
 

kirti