PO Cell ने दबोचा उद्घोषित अपराधी, इस मामले में चल रहा था फरार

Thursday, Jul 12, 2018 - 03:35 PM (IST)

बिलासपुर: बिलासपुर पुलिस के पी.ओ. सैल ने एक उद्घोषित अपराधी अश्विनी कुमार निवासी गांव रत्त तहसील सदर जिला बिलासपुर को कुल्लू जिला के बजौरा बाजार से पकडऩे में सफलता हासिल की है। अश्विनी कुमार वाहन चालक है व वर्ष 2015 में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर नई सारली के पास एक सड़क दुर्घटना के मामले में आरोपी भी है। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। यह केस जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में चल रहा है। इस केस में आरोपी अश्विनी को 2 बार कोर्ट से जमानत मिल चुकी है लेकिन लंबे समय से अश्विनी कोर्ट में पेशियों पर हाजिर नहीं हो रहा था, जिसके बाद कोर्ट ने फरवरी, 2018 में उसे उद्घोषित अपराधी करार दे दिया व उसे पकडऩे का जिम्मा पी.ओ. सैल टीम को मिला।


पी.ओ. सैल ने पुख्ता जानकारी पर दबोचा अपराधी
इसके बाद पी.ओ. सैल टीम ने उद्घोषित अपराधी अश्विनी के बारे में सूत्रों से जानकारियां एकत्रित कीं व उन्हें अश्विनी के कुल्लू की तरफ होने का पता चला। पता चलते ही पुलिस ने मनाली व कुल्लू में अश्विनी के होने के कई संभावित स्थानों पर दबिश दी लेकिन अश्विनी हाथ नहीं आया। इसके बाद पी.ओ. सैल टीम को अश्विनी के बजौरा बाजार में होने की पुख्ता जानकारी मिली जिस पर मुख्य आरक्षी दौलत राम की अगुवाई में पी.ओ. सैल टीम ने तुरंत दबिश देकर बजौरा बाजार से अश्विनी को हिरासत में ले लिया। एस.पी. बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि उद्घोषित अपराधी पर सदर थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 174ए के तहत एक और केस दर्ज कर लिया गया है व आरोपी को 12 जुलाई को अदालत में पेश किया जाएगा।

Vijay