मन की बात: जैविक खेती से तऊ के किसानों ने चार गुना उत्पादन बढ़ाया

Tuesday, Nov 28, 2017 - 09:58 PM (IST)

हमीरपुर: प्रधानमंत्री ने मन की बात में हमीरपुर जिला के तहू गांव का जिक्र करके जिला का ही नहीं अपितु पूरे प्रदेश का मान बढ़ा दिया है। यहां के किसानों ने जैविक खेती से यह कारनामा करके दिखाया है। गांव में सिंचाई का साधन न होने के बाद भी उत्पादन क्षमता में इजाफा किया है। पीएम ने मन की बात में यूरिया से भूमि की उपजाऊ क्षमता पर असर पडऩे की बात कही है। यहां के किसानों ने सॉयल टेस्ट करवाए थे। इन्होंने रासायनिक खाद बहुत कम डालकर उत्पादन क्षमता में कई गुना वृद्धि की है। जहां पहले गेहूं व मक्की की उत्पादन 4.1 क्विंटल एक एकड़ में होता था वे अब 7.2 एकड़ हो गया है। भोरंज उपमंडल के गांव तऊ के किसानों ने यह कारनामा करके खेतीबाड़ी की ओर लोगों को अभिप्रेरित किया है।

गांव के दस हैक्टेयर में हो रही खेती
जिला कृषि विभाग के सॉयल टेस्ट विंग एग्रीकल्चर डेवलपमेंट ऑफिसर अजय चोपड़ा ने बताया कि तऊ में 10 हैक्टेयर में खेती की जा रही है। इस गांवों के 20 किसान ने 10 हैक्टेयर ग्रिड से सैंपल दिए थे। उन्होंने बताया कि जमीन का टेस्ट करवाने के बाद उन्हें भूमि पर कौन सी खेती की जा सकती है का परमर्श दिया गया था। 

सॉयल टेस्ट में जिला अग्रणी
चोपड़ा ने बताया कि हमीरपुर जिले में 3362 किसानों की जमीन के सॉयल टेस्ट हुए हैं। इसमें करीब 76 हजार परिवार कवर किए गए। वहीं उपमंडल भोरंज में 1374 मिट्टी परीक्षण हुए हैं। सॉयल टेस्ट में आगे रहने वाले हमीरपुर जिले को नेशनल अवार्ड भी मिल चुका है। जिला को 21 अप्रैल 2016 को नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। यह परिणाम सैंपल लेकर एक सॉफ्टवेयर के जरिये परिणाम आते हैं।