PM मोदी की रैली स्थल का जायजा लेने पहुंचे डीजीपी, एक हजार जवान संभालेंगे सुरक्षा

Friday, Sep 29, 2017 - 02:11 PM (IST)

बिलासपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 3 अक्तूबर की बिलासपुर रैली में सुरक्षा प्रबंधों की चल रही तैयारियों की कड़ी में हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक सोमेश गोयल वीरवार को खुद बिलासपुर पहुंचे। उन्होंने डी.सी. बिलासपुर ऋग्वेद मिलिंद ठाकुर, एस.पी. बिलासपुर अंजुम आरा व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ रैली स्थल लुहणू मैदान का दौरा किया। इस दौरान रैली प्रभारी भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक रणधीर शर्मा सहित रैली स्थल का कार्य देख रहे भाजपा सचिव स्वदेश ठाकुर भी उनके साथ रहे। 


लुहणू मैदान को 11 सैक्टरों में बांटा 
डी.जी.पी. सोमेश गोयल ने रैली स्थल पर जनसमूह के प्रवेश करने के रास्तों व निकासी रास्तों को भी देखा तथा गाड़ियों की पार्किंग के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए। गौरतलब है कि पुलिस विभाग के एक हजार से भी ज्यादा जवान प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। हालांकि प्रधानमंत्री के सबसे नजदीक का सुरक्षा घेरा एन.एस.जी. कमांडो व एस.पी.जी. के जवान बनाएंगे लेकिन शेष सारी सुरक्षा व्यवस्था हिमाचल पुलिस ही देखेगी। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से लुहणू मैदान को 11 सैक्टरों में बांटा है जिनमें डी.एस.पी. व एस.पी. रैंक के अधिकारी तैनात रहेंगे।