HPCA स्टेडियम में हो सकती है PM मोदी की मैगा रैली, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर

Tuesday, Dec 11, 2018 - 10:43 AM (IST)

धर्मशाला (नरेश): जयराम सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर मैगा रैली का आयोजन धर्मशाला के एच.पी.सी.ए. स्टेडियम में 27 दिसंबर को हो सकता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात सोमवार को धर्मशाला में प्रस्तावित रैली स्थलों का निरीक्षण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हुए हजारों लोग तथा बड़ी संख्या में लोग इस रैली में भाग लेंगे और इसे एक ऐतिहासिक आयोजन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर राज्य सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा। 

नरेंद्र मोदी सहित यह बड़े नेता बढ़ाएंगे रैली की शोभा

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता तथा प्रदेशभर से आए लोग रैली में भाग लेंगे। इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय नेता, मंत्रीगण तथा प्रदेश के अन्य नेता इस अवसर की शोभा बढ़ाएंगे। इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, राज्य भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती, मुख्य सचिव बी.के. अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी, अतिरिक्त मुख्य सचिव लोक निर्माण मनीषा नन्दा, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन राम सुभग सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह मनोज कुमार, प्रधान सचिव ओंकार शर्मा, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव संजय कुंडू तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रैली की तैयारियों को लेकर बैठक

प्रदेश सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में होने वाली मैगा रैली की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में कांगड़ा-चम्बा के कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक को संबोधित करते हुुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस रैली को लेकर प्रधानमंत्री ने उनके न्यौते को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हजारों लोग इस रैली में पहुंचेंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इस रैली के सफल आयोजन में सभी अपना योगदान दें। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कांगड़ा-चम्बा के सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, भाजपा प्रदेश महासचिव कृपाल परमार, महामंत्री पवन राणा समेत विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।

Ekta