खेलो इंडिया नैशनल चैम्पियनशिप में छाए हिमाचल के खिलाड़ी, 33 पदकों पर जमाया कब्जा

Monday, Jul 09, 2018 - 09:10 PM (IST)

शिमला: खेलो इंडिया नैशनल गेम्स में हिमाचल प्रदेश के स्पैशल खिलाड़ियों ने धमाल मचाया है। गुजरात के गांधीनगर में खेली गई एम.वाई.ए.एस. चैम्पियनशिप में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 33 पदकों पर कब्जा जमाया है। इस राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाकर 10 गोल्ड, 10 सिल्वर और 13 ब्राऊंज मैडल जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। स्पैशल ओलिम्पिक भारत द्वारा गांधीनगर गुजरात में युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन 5 से 9 जुलाई तक करवाया गया। इस चैम्पियनशिप में भारत के 25 राज्यों से आए करीब 1,000 विशेष खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों ने भाग लिया। हिमाचल प्रदेश से 26 विशेष खिलाडिय़ों व 5 प्रशिक्षकों ने एथलैटिक्स, बैडमिंटन, बोची व फुटबाल में भाग लिया। हिमाचल प्रदेश ने इन खेल प्रतियोगिताओं में 10 स्वर्ण, 10 रजत व 13 कांस्य पदक जीते।


मंडी की भारती ने जीता रजत पदक
एथलैटिक्स में मंडी की भारती ने 100 और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक, बिलासपुर के राकेश कुमार ने 100 मीटर में कांस्य व 200 मीटर में रजत पदक जीता। बिलासपुर की शालू ने 100 मीटर में चौथा स्थान और 200 मीटर में कांस्य पदक जीता और बिलासपुर के ही शुभम ने 100 मीटर में स्वर्ण व 200 मीटर में कांस्य पदक जीता। बैडमिंटन में बिलासपुर की करिश्मा ने एकल वर्ग में कांस्य, और डबल्स में स्वर्ण पदक जीता। बिलासपुर की ऊषा देवी ने एकल वर्ग में कांस्य तथा डबल्स में स्वर्ण पदक जीता। मंडी के राहुल ने एकल व डबल्स में स्वर्ण पदक जीता। मंडी के ही सूरज ने एकल वर्ग और डबल्स वर्ग में स्वर्ण पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।


इन खिलाड़ियों ने दिखाया दम
बोची में सिरमौर की गुरप्रीत और मंडी के हिरुल पुरी, सिरमौर के मासूम व मंडी की नीतिका ने स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया है। इसके अलावा फुटबाल वर्ग में सोलन की नेहा, निशा, पूजा व रिया ने रजत, बिलासपुर की शालिनी व शिवांजलि ने भी रजत, सोलन की सोनू ने सिल्वर, सोलन के अवनीश व गौरव ने कांस्य, सिरमौर के हेम चंद ने कांस्य, सोलन के लेखराज व पंकज शर्मा ने कांस्य, सिरमौर के शुभम ने कांस्य और बिलासपुर के विपिन कुमार ने कांस्य पदक जीत कर पहाड़ी प्रदेश का नाम रोशन किया है।

Vijay