हरियाणा में छाए चम्बा के खिलाड़ी, 4 गोल्ड मैडलों पर जमाया कब्जा

Friday, Apr 13, 2018 - 10:57 PM (IST)

चम्बा: हरियाणा के हिसार में 3 दिन तक चली राष्ट्रीय स्तर की ओपन खेलकूद प्रतियोगिता में जिला चम्बा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 गोल्ड मैडल अपने नाम कर जिला व प्रदेश का नाम देश भर में रोशन किया है। जिला चम्बा खेल विकास बोर्ड के सचिव मोहम्मद रफी ने बताया कि 9 से 11 अप्रैल तक हरियाणा के हिसार में चली राष्ट्र स्तर की इस प्रतियोगिता में चम्बा के 14 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। उन्होंने बताया कि 5 व 10 किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सुनील कुमार ने गोल्ड मैडल जीता। 400 मीटर की दौड़ में रविंद्र कुमार ने भी प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मैडल अपने नाम किया। इसके अलावा वालीबाल प्रतियोगिता में जिस टीम ने गोल्ड मैडल हासिल किया उसमें जिला चम्बा के 3 खिलाड़ी शामिल रहे, वहीं कबड्डी प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस टीम में भी जिला चम्बा के 7 खिलाड़ी शामिल रहे। 


चम्बा में भी आयोजित होंगी खेल स्पर्धाएं
अध्यक्ष भुवनेश सिंह कटोच ने कहा कि इस तरह की खेल स्पर्धाएं चम्बा में भी आयोजित की जाएंगी ताकि चम्बा के खिलाड़ी अपना नाम राष्ट्र व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकें। इन खिलाड़ियों के चम्बा पहुंचने पर जिला चम्बा विकास बोर्ड के चेयरमैन धर्मपाल शर्मा, अध्यक्ष भुवनेश सिंह कटोच, सचिव मोहम्मद रफी, कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश, उपाध्यक्ष मनोज नैयर, सहसचिव अनूप शर्मा व वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष कुमार ने उनका स्वागत किया। 

Vijay