हिमाचल के सरकारी कार्यालयों से हटेगा प्लास्टिक का सामान

Friday, Jun 08, 2018 - 12:00 AM (IST)

शिमला: प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों से प्लास्टिक से बने सामान को हटाया जाएगा। इस कड़ी के तहत सभी सरकारी कार्यालयों से प्लास्टिक की बोतलें, बाल्टी, जग और थर्मोकोल इत्यादि से बनी चीजों को जटा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की तरफ से गत 4 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इसकी घोषणा की गई थी, जिस पर अमल होना शुरू हो गया है। वीरवार को वन, परिवहन एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के कार्यालय से इसकी शुरूआत हुई। प्रदेश सचिवालय में अपने कार्यालय से प्लास्टिक का सामान हटाने के अलावा गोविंद सिंह ठाकुर ने अपने अधीन आने वाले विभागों को इस आशय संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं।


2009 में धूमल ने लगाया था पॉलीथीन पर पूर्ण प्रतिबंध
 उल्लेखनीय है कि वर्ष 2009 में तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश में पॉलीथीन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया था। अब सरकार ने प्लास्टिक व थर्मोकोल से बने सामान पर भी प्रतिबंध लगाने की बात कही है। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने प्रदेश सरकार की तरफ से थर्मोकोल और पॉलीथीन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय को सराहनीय करार दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यावरण के प्रति पूरी तरह सजग है और इस दिशा में सार्थक प्रयास किए गए हैं। पूर्व में भी भाजपा सरकार ने पॉलीथीन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। भाजपा सरकार ने पर्यावरण हितों को ध्यान में रखकर काम किया है।

Vijay