इस पहल से लोगों को प्लास्टिक के कूड़ेदानों से मिलेगा छुटकारा

Friday, Sep 13, 2019 - 03:42 PM (IST)

ककीरा (रवि): पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के खात्मे के लिए विकास खंड भटियात ने नई पहल आरंभ की है जिसके तहत खंड की 68 पंचायतों में प्लास्टिक के कूड़ेदानों के स्थान पर बांस के किलटे इस्तेमाल होंगे। इस संदर्भ में खंड विकास अधिकारी भटियात बशीर खान ने सभी 68 पंचायतों को अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही अधिसूचना में पंचायत जनप्रतिनिधियों व सचिवों को पंचायत क्षेत्र में किसी भी घरेलू व सार्वजनिक समारोह में डिस्पोजेबल प्लेट व गिलास आदि के प्रयोग पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

जनप्रतिनिधियों व सचिवों को ये भी निर्देश दिए गए हैं कि इस बारे पंचायत के लोगों को जागरूक किया जाए व नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पंचायती राज अधिनियम व नियम के अनुसार जुर्माना लगाया जाए। जुर्माना राशि तय करना पंचायत पर ही निर्भर करेगा। इसी के साथ अब पंचायतों में कोई भी प्लास्टिक अथवा स्टील का कूड़ेदान नहीं खरीदा जाएगा। उधर, बांस के किलटों का उपयोग करने के पीछे 2 तर्क दिए जा रहे हैं। पहला यह कि बांस के किलटे के खराब होने पर उसका निपटारा करना आसान है जबकि दूसरा स्थानीय कारीगरों से किलटे की खरीद करने पर उनका रोजगार भी बढ़ेगा।

डिस्पोजेबल प्लेट व गिलास इस्तेमाल होने के बाद कचरे के रूप में यहां-वहां बिखरे रहते हैं जिससे पर्यावरण को नुक्सान पहुंचता है। प्लास्टिक के कूड़ेदान टूटने के बाद नष्ट नहीं होते और पर्यावरण के लिए हानिकारक साबित होते हैं। इस संदर्भ में विकास खंड भटियात की 68 पंचायतों में विशेष बैठकों का आयोजन कर सरकार एवं विभाग के निर्देशों की अनुपालना हेतु दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। नए निर्देशों के अनुसार अब विकास खंड भटियात की सभी पंचायतों में बांस के किलटे कूड़ेदान के रूप में इस्तेमाल होंगे और प्लास्टिक के कूड़ेदानों के उपयोग पर पूर्णतया प्रतिबंध रहेगा।

kirti