Himachal : स्कूल में चौथी कक्षा की छात्रा पर गिरा छत का प्लास्टर, सिर में लगी गहरी चोट; मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 05:58 PM (IST)
Sirmaur News : हिमाचल प्रदेश में जिला सिरमौर के एक सरकारी स्कूल से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां क्लासरूम की छत का भारी प्लास्टर अचानक गिर गया, जिससे एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, घटना जिले के संगड़ाह उपमंडल के प्राथमिक स्कूल लगनू की है। छात्रा चौथी कक्षा में पढ़ती है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह स्कूल में रोज की तरह कक्षाएं चल रही थीं, तभी अचानक कमरे की छत से प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया और सीधे एक छात्रा पर जा गिरा। उसके सिर पर गहरी चोट आई है। वहीं, अचानक हुए इस हादसे के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों में डर का माहौल बन गया।
वहीं, स्कूल प्रशासन ने घायल छात्रा को तुरंत नागरिक अस्पताल (सीएचसी) संगड़ाह पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद बच्ची को बेहतर इलाज के लिए नाहन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

