प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण जरूरी : विपिन परमार

Wednesday, Jul 24, 2019 - 11:14 PM (IST)

पालमपुर/डरोह (संजीव/अजय): जीव जगत की रक्षा के लिए पर्यावरण को शुद्ध करना आवश्यक है। पर्यावरण को शुद्ध रखने में पौधों की भूमिका अहम होती है इसलिए पौधारोपण को अभियान की तरह अपनाने की जरूरत है। यह बात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री विपिन सिंह परमार ने जिला स्तरीय 5 दिवसीय पौधारोपण अभियान के समापन पर डरोह के भाटिल्लू में आयोजित समारोह में कही। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अर्जुन का पौधा भी रोपा। उन्होंने बताया कि कांगड़ा में 3 लाख पौधारोपण लक्ष्य के तहत अब तक 2 लाख 90 हजार पौधे रोपकर प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल किया है। इस सफल अभियान के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों व प्रदेश की जनता को बधाई दी। समारोह के समापन के बाद परमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं जिनमें से कई समस्याओं का निपटारा मौके पर कर दिया गया।

भाटिल्लू में 13 लाख की लागत बन रहा 2 लाख लीटर पानी का टैंक

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने स्थानीय ग्राम पंचायत की मांग पर सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भाटिल्लू में 13 लाख रुपए खर्च कर 2 लाख लीटर पानी का टैंक बनाया जा रहा है, जिससे जुगेहड़, चुदरेहड़, चौगान बसकेहड़ कस्बा को पीने के पानी की सप्लाई मिलेगी। इस अवसर पर 7 परिवारों को गृह निर्माण हेतु 9 लाख 10 हजार रुपए के चैक बांटे गए, वहीं दर्जनों लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से लाखों रुपए की सहायता राशि बांटी।

पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज को बेहतर बनाने के होंगे प्रयास

स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज को डरोह से शिफ्ट करने की अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि कालेज को कहीं भी शिफ्ट नहीं किया जाएगा बल्कि इसे और अधिक बेहतर बनाने हेतु प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर अरण्यपाल वन वृत्त धर्मशाला देव राज कौशल, डी.एफ .ओ. संजय सैन, रेंज ऑफिसर डरोह दलीप धीमान, एस.डी.एम. पालमपुर पंकज शर्मा, डिप्टी रेंजर राज कुमार, ग्राम पंचायत बसकेहड़ की प्रधान मंजु बाला, ग्राम पंचायत डरोह के प्रधान सुरिंद्र चौधरी, फोरैस्ट गार्ड करण मैहता सहित सभी विभागों के अधिशासी व सहायक अभियंता मौजूद रहे।

Vijay