वन और जल संरक्षण के लिए आगे आएं लोग : रीता धीमान

Wednesday, Jul 24, 2019 - 11:22 PM (IST)

इंदौरा (आशीष/अजीज): जलवायु परिवर्तन के कारण निरंतर गिर रहा भू-जल स्तर सभी के लिए गंभीर चिंता का विषय है, पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने तथा जल स्तर में सुधार लाने के लिए लोगों का वन और जल संरक्षण के लिए आगे आना बेहद जरूरी है। यह शब्द इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक रीता धीमान ने वन मंडल नूरपुर द्वारा 20 से 24 जुलाई तक चलाए जा रहे 5 दिवसीय पौधारोपण अभियान के दौरान वनखंड इंदौरा की बीट टप्पा पंचायत में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में बतौर मुख्याथिति व्यक्त किए। उन्होंने अर्जुन का पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

नूरपुर वन मंडल में लगाए जाएंगे 2 लाख नए पौधे

उन्होंने बताया कि नूरपुर वन मंडल में इस अवधि के दौरान जनसहभागिता से 2 लाख नए पौधे लगाए जाएंगे, जबकि इस मानसून सीजन में 456 हैक्टेयर भूमि पर वनीकरण अभियान के तहत  कुल 4 लाख 85 हजार नए पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वनखंड इंदौरा की टप्पा बीट में इस सीजन में 7200 नए पौधे रोपित किये जायेंगे।उन्होंने कहा कि वनों का सरंक्षण जहां भूमि कटाव रोकने में मददगार सिद्ध होगा वहीं जल स्तर में भी सुधार के लिये लाभकारी होगा। उन्होंने सभी से इस दिशा में विशेष कार्ययोजना के तहत कार्य करने पर बल दिया । उन्होंने लोगों से वन संरक्षण के साथ- साथ जल सरंक्षण को भी जन आंदोलन बनाने की अपील की है।

‘एक बूटा बेटी के नाम’ मुहिम को दें विशेष महत्व

विधायक ने लोगों से प्रदेश सरकार की अनूठी पहल ‘एक बूटा बेटी के नाम’ मुहिम पर विशेष ध्यान देने पर बल दिया। उन्होंने लोगों से कहा कि वे अपने घर- आंगन में बेटी के जन्मदिन पर  एक पौधा जरूर लगाएं तथा उसकी परवरिश भी अपनी बच्ची की देखभाल  की तरह करें। इस अवसर पर भारतीय वन सेवा के प्रोवेश्नर विकल्प यादव, ए.सी.एफ . संदीप कोहली, बी.डी.सी. अध्यक्ष राजिंद्र पठानिया सहित अन्य मौजूद रहे।

Vijay