पंजाब को खालीस्तान बनाने वालों ने कर दिए पंजाब के टुकड़े : विजय चोपड़ा

Saturday, Mar 03, 2018 - 07:36 PM (IST)

हमीरपुर: पंजाबी आज पूरी दुनिया में अपना परचम लहरा रहे हैं लेकिन पंजाब को खालिस्तान बनाने वालों ने आज पंजाब के टुकड़े कर दिए हैं, जिसके चलते कमाऊ पंजाब हरियाणा बन गया है और खूबसूरत पंजाब अब हिमाचल बन गया है। यह बात पंजाब केसरी समूह के मुख्य संपादक पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा जी ने हमीरपुर जिला के स्वामी विवेकानंद बी.एड. कालेज तरक्वाड़ी के वार्षिक समारोह में कही। वह यहां बतौर मुख्यातिथि पधारे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब अटारी से दिल्ली तक था लेकिन देश के विभाजन के बाद पंजाब आधा रह गया था। उन्होंने कहा कि महापंजाब बनाने के लिए हिंद समाचार परिवार ने कई शहादतें दी हैं। उन्होंने कहा कि अमर शहीद लाला जगत नारायण जी, अमर शहीद रमेश चंद जी ने पंजाब को इकट्ठा रखने के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग माफिया और आतंकवाद की घटनाएं हो रही हैं, जिन्हें रोकने के लिए सरकार नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब के युवा पारंपरिक रोजगार कृषि को छोड़कर विदेशों में जाना पसंद कर रहे हैं। इसके चलते पंजाब में यू.पी. और बिहार के युवा कृषि कर रहे हैं। 

जब तक हम हिन्दोस्तानी नहीं बनेंगे, देश मजबूत नहीं होगा 
पद्मश्री विजय चोपड़ा जी ने कहा कि अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जर्मनी के हैं और अमरीका जर्मनी, स्पैनिश और विभिन्न देशों के लोगों को मिलकर बना है लेकिन आज अमरीका का हर व्यक्ति खुद अमेरिकन कहलाने पर गर्व महसूस करता है। वहीं दूसरी तरफ हिन्दोस्तान में लोग जात-पात में फंसे हुए हैं। लोग खुद को ब्राह्मण, खत्री व हरियाणवी इत्यादि कहते हैं लेकिन जब तक हिन्दोस्तान के लोग खुद को ‘‘आई एम हिन्दोस्तानी’’ नहीं कहेंगे, तब तक हिन्दोस्तान मजबूत नहीं होगा। 

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के बाद अब बेटी बसाओ पर भी काम करने की जरूरत 
पद्मश्री विजय चोपड़ा जी ने कहा कि देश में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के साथ ही अब बेटी बसाओ पर भी सरकारों और सामाजिक संगठनों को काम करना होगा ताकि देश में परिवार टूटने से बच सकें और बुजुर्गों को भी मान-सम्मान मिले। इसके लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को प्रयास करने चाहिए। 

स्वच्छ भारत देखने के लिए हिमाचल आएं लोग 
पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा जी ने कहा कि असली स्वच्छ भारत देखना है तो देशभर के लोगों को हिमाचल आना होगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल पूरे देश में साक्षरता की दर में पहले स्थान पर है लेकिन अब हिमाचल स्वच्छता में भी पूरे देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार को अगर पर्यटकों को हिमाचल लाना है तो सड़कों की हालत सुधारनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सड़कों की हालत बहुत खराब है। 

हिमाचल में फलदार पौधों व हरियाली के साथ आमदन भी होगी
पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा जी ने स्वामी विवेकानंद बी.एड. कालेज तरक्वाड़ी के अध्यक्ष एन.के. शर्मा व सी.ए. राजीव शर्मा को कालेज परिसर में कई प्रकार के हर्बल और फलदार पौधे लगाने के लिए बधाई देते हुए कहा कि अगर हिमाचल सरकार प्रदेश में फलदार पौधे लगाए तो प्रदेश में हरियाली भी बढ़ेगी और प्रदेश को आमदन भी होगी। 

बुजुर्ग संयम रखें और बच्चे संस्कारी बनें 
पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा ने स्वामी विवेकानंद बी.एड. कालेज ट्रस्ट की तरफ से 16 बुजुर्गों और भविष्य के शिक्षकों को सम्मानित करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि बुजुर्गों को संयम रखना चाहिए और बार-बार अपने बच्चों की नुक्ताचीनी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चे भी संस्कारी बनें और अपने बुजुर्गों का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को कभी भी अपनी जायदाद अपने जीते जी अपने बच्चों के नाम नहीं करनी चाहिए बल्कि अपनी जायदाद की वसीयत अपने बच्चों के नाम करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बहुत से बुजुर्ग उन्हें पत्र लिखकर आपबीती सुनाते हैं, जिससे उन्हें बहुत पीड़ा होती है। उन्होंने कहा कि लाला जगत नारायण जी ने वर्ष 1960-65 में जीवन की संध्या पर अपना लेख लिखना शुरू किया था, जिसे आज जारी रखा है और मैं खुद उसे लिखता हूं। उन्होंने कहा कि लाला जी ने वर्ष 1965 में सबसे पहले हरिद्वार में वृद्धाश्रम खोला था।