ज्वालामुखी मंदिर में श्रद्धालुओं की जेबें काटते रंगे हाथ धरे 4 जेबकतरे

Sunday, Jun 30, 2019 - 05:21 PM (IST)

ज्वालामुखी (पंकज): ज्वालामुखी मन्दिर में श्रद्धालुओं की जेबों पर हाथ साफ करते 4 जेबकतरों को रंगे हाथ पकड़ा गया है। इनमें से एक मामला बीती रात का है जबकि दूसरा मामला रविवार सुबह के समय पेश आया है। पुलिस व श्रद्धालुओं की मुस्तैदी के चलते ये जेबकतरे हाथ लगे हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि उक्त सभी जेबकतरे पंजाब के लुधियाना से संबंध रखते हैं व इनमें से 2 जेबकतरे बाइक पर सवार होकर ज्वालाजी मन्दिर पहुंचे हुए थे। पुलिस द्वारा पकड़े गए जेबकतरों की पहचान राज कुमार पुत्र महावीर, नरेश कुमार पुत्र सोडी राम, देवेंद्र सिंह पुत्र जगजीत व दीपक पुत्र बाल किशन के रूप में हुई है।

श्रद्धालु के पर्स पर किया हाथ साफ

जानकारी के अनुसार रविवार को जिला कांगड़ा से एक परिवार मां ज्वाला के दर्शनों के लिए लाइनों में लगा हुआ था कि इसी बीच इन जेबकतरों में एक ने श्रद्धालु के पर्स पर हाथ साफ कर लिया, जिसमें लगभग 10 हजार रुपए थे। इसी बीच जब दूसरा जेबकतरा अन्य श्रद्धालु की जेब पर हाथ साफ कर रहा था तो उस व्यक्ति ने उसे दबोच लिया व पुलिस के हवाले किया। इस दौरान पुलिस की मुस्तैदी से जेबकतरे का दूसरा साथी भी पकड़ा गया, जिनसे सारे पैसों की बरामदगी हो गई है। वहीं बीती रात पेश आए मामले में भी पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों जेबकतरे बड़ी जेब काटने की फिराक में थे लेकिन पुलिस ने उन्हें धर दबोचा, साथ ही इनके पास से 5 हजार रुपए भी बरामद किए। इस बारे मन्दिर प्रशासन द्वारा स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। बहरहाल इस मामले को लेकर पुलिस पूरी छानबीन कर रही है।

बड़ी होशियारी से देते हैं वारदात को अंजाम

बता दें कि मंदिरों में कई श्रद्धालुओं की जेबें काटने के मामले सामने आते हैं और जेबकतरों द्वारा बड़ी होशियारी के साथ इन वारदातों को अंजाम दिया जाता है। इनमें से कुछ तो जेब काटने के बाद चलते बनते हैं जबकि कुछ श्रद्धालुओं व पुलिस की मुस्तैदी के चलते पकड़े जाते हैं। बात शक्तिपीठों की करें तो अक्सर देखने में आता है कि भीड़ का फायदा उठाते हुए ये शातिर चोर कभी लोगों की जेबों तो कभी महिलाओं के गले व हाथों में पहनी हुई चीजों पर हाथ साफ करते हैं। इसमें कुछ चोरियां सी.सी.टी.वी. में भी कैद हो जाती हैं, जिसके चलते ये पकड़े जाते हैं जबकि कुछ मामलों में ये पुलिस व श्रद्धालुओं को चकमा देकर नौ दो ग्यारह हो जाते हैं।

सिविल ड्रैस में घूम रहे पुलिस कर्मचारी, सदिग्धों पर पैनी नजर

मंदिर में लगातार हो रही चोरियों के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया है और मंदिर में चप्पे-चप्पे पर नजर बनाए हुए है। पुलिस एक विशेष टीम गठित की गई है जो सिविल ड्रैस में सन्दिग्धों पर नजर रख रही है। इसके अलावा मंदिर में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों के जरिए भी सन्दिग्धों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

Vijay