यमुना नदी से बरामद हुआ फोटोग्राफर का शव, 10 दिन से था लापता

Friday, Jan 21, 2022 - 07:29 PM (IST)

पांवटा साहिब (संजय): पांवटा साहिब उपमंडल के आगरो गांव से लापता फोटोग्राफर मनीष उर्फ बंटी का शव 10 दिन के बाद यमुना नदी से बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार वह 11 जनवरी को घर से निकलने के बाद चूड़ेश्वर कालोनी में रहने वाली एक महिला के घर गया था। इसकी तसदीक पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की है। 12 जनवरी को सुबह मनीष महिला के घर से निकल गया। घर से निकलने के बाद मनीष ने महिला को फोन भी किया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मनीष की मूवमैंट को लेकर सटीक जानकारी हासिल की थी कि वह यमुना नदी की तरफ गया है। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार को ही गोताखोरों और ड्रोन की मदद से मनीष की तलाश यमुना नदी में शुरू की। आखिर शाम 4 बजे के आसपास मनीष का शव बरामद हुआ। शव की शिनाख्त परिवार वालों ने की है। मनीष की जेब से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। माना जा रहा है कि पानी में डूबने के तुरंत बाद ही उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था। इस मामले में पहले पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था लेकिन बाद में परिजनों ने महिला पर मनीष को अगवा करने की आशंका जाहिर की थी। लिहाजा पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था। डीएसपी वीर बहादुर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay